World Pneumonia Day: बच्चों में निमोनिया के शुरुआती लक्षण, सांस लेने का तरीका भी बताता है बीमारी के संकेत

World Pneumonia Day 2026: बच्चों में खांसी, बुखार और तेज सांस लेना निमोनिया के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। जानें बीमारी के लक्षण, गंभीर खतरे और बचाव के जरूरी तरीके।
World pneumonia day children symptoms prevention.
निमोनियाफोटो.सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • बच्चों में निमोनिया के शुरुआती लक्षणों को पहचानने से इलाज संभव है।

  • तेज सांस लेना और सीने का धंसना निमोनिया के संकेत होते हैं।

  • टीकाकरण, पौष्टिक आहार और साफ-सफाई से निमोनिया का बचाव करें।

क्या होता है निमोनिया

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, निमोनिया फेफड़ों में फैलने वाली एक संक्रामक बीमारी है, जो वायरस, बैक्टीरिया और कुछ मामलों में फंगस के कारण होता है। संक्रमण होने पर फेफड़ों की छोटी-छोटी एयर एल्वियोली में लिक्विड या पस भरने लगता है। इससे बच्चे को सांस लेने में परेशानी होती है और शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाता है।

छोटे बच्चों में इसका खतरा इसलिए भी अधिक है, क्यों कि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं हुई होती है। कुपोषण, समय से टीकाकरण न होना, पहले से कोई बीमारी होना और प्रदूषण के संपर्क में रहना खतरा बढ़ाता है।

बच्चों में निमोनिया के शुरुआती लक्षण क्या हैं?

लगातार खांसी होना

बच्चे को बार-बार खांसी आती है। खांसी धीरे-धीरे बढ़ सकती है और इसके साथ सांस लेने में परेशानी भी बढ़ने लगती है।

बुखार और ठंड लगना

बच्चे को बुखार, कंपकंपी या ठंड लगने की शिकायत होती है। हालांकि, हर बच्चे को तेज बुखार हो, यह जरूरी नहीं है।

तेजी से सांस लेना

यह निमोनिया का सबसे महत्वपूर्ण संकेत है। अगर बच्चा सामान्य से ज्यादा तेजी से सांस ले रहा है या सांस लेने में उसे मेहनत करनी पड़ रही है, तो डॉक्टर से जांच करवाएं।

सीने का अंदर की ओर धंसना

सांस लेते समय बच्चे की निचली पसलियों के नीचे का हिस्सा अंदर की ओर खिंचता दिखाई देता है। यह सांस लेने में होने वाली समस्या को बताता है, जो गंभीर संकेत है।

खाने-पीने में परेशानी

छोटे बच्चे दूध पीने में रुचि कम दिखाते हैं, जबकि बड़े बच्चों को भूख कम लगती है।

सुस्ती और थकान

बच्चा सामान्य से ज्यादा सुस्त हो जाता है और खेलने में उसकी रुचि कम हो जाती है या खत्म हो जाती है। ऐसे में बच्चा बार-बार सोने लगता है।

इन सबके अलावा बच्चे के होंठ, जीभ या नाखून नीले या धूसर पड़ने लगते हैं और सांस लेने में बहुत ज्यादा परेशानी होती है या बच्चा हांफने लगता है। बच्चा बार-बार उल्टी कर रहा हो, जैसे लक्षण भी नजरअंदाज नहीं किए जाने चाहिए।

निमोनिया से बचाव के उपाय

  • बच्चों को टीकाकरण कार्यक्रम के अनुसार सभी जरूरी टीके लगवाएं। न्यूमोकोकल, एचआईबी, खसरा और काली खांसी से बचाव के टीके निमोनिया का खतरा कम करते हैं।

  • विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, जन्म के बाद पहले छह महीने तक केवल मां का दूध देना बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है।

  • बच्चे को छह महीने के बाद उम्र के अनुसार संतुलित आहार दें। खाने में दाल, हरी सब्जियां, फल और प्रोटीन के अच्छे स्रोत शामिल करें।

  • बच्चों को खाना खाने से पहले, बाहर से आने के बाद और खांसने-छींकने के बाद हाथ धोने की आदत डालें।

  • घर के अंदर और आसपास धूम्रपान न करें। रसोई में धुएं से बचाव और पर्याप्त वेंटिलेशन का ध्यान रखें।

  • बच्चे को मौसम के अनुसार आरामदायक कपड़े पहनाएं। कमरे को हवादार रखें और बच्चे को ठंड के साथ-साथ धुएं और प्रदूषण से बचाएं।