रांची में छात्रों ने हेमंत सोरेन, राहुल-तेजस्वी का फूंका पुतला Social Media
झारखंड

JPSC-JSSC पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का फूटा गुस्सा, हेमंत सोरेन के साथ राहुल-तेजस्वी का भी फूंका पुतला

JPSC JSSC Protest: रांची में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन 23वें दिन भी जारी रहा। छात्रों ने हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के पुतले फूंके।

अर्पित शुक्ला

JPSC-JSSC Paper Leak: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। रांची में ‘JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच’ के बैनर तले चल रहे प्रदर्शन का रविवार को 23वां दिन रहा। छात्रों ने फिर विरोध मार्च निकाला और पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।

रांची के फिरायालाल चौक पर बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ-साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के पुतले भी फूंके। छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और सरकार के रवैये के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव क्यों निशाने पर?

छात्रों का कहना है कि झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ उनका आंदोलन लंबे समय से जारी है, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, राहुल गांधी ने पहले आंदोलन कर रहे छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया था। छात्रों का आरोप है कि इसके बावजूद कई दिन बीत जाने के बाद भी उनकी मांगों पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

वहीं, तेजस्वी यादव ने रविवार को बिहार में पेपर लीक और परीक्षा में कथित धांधली का मुद्दा उठाया, लेकिन छात्रों ने झारखंड के मामले पर उनकी चुप्पी को लेकर सवाल खड़े किए।

छात्रों का कहना है कि झारखंड में झामुमो के साथ कांग्रेस और राजद भी सत्ता गठबंधन का हिस्सा हैं। ऐसे में वे तीनों दलों के नेताओं से झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर जवाब मांग रहे हैं।

20 अगस्त को CM आवास घेरने का ऐलान

आंदोलनकारी छात्रों ने अब अपना प्रदर्शन और तेज करने का ऐलान किया है। छात्रों ने कहा है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव किया जाएगा।

छात्रों ने सरकार पर भर्ती परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।

‘मुख्यमंत्री नहीं सुन रहे तो राहुल समर्थन वापस लें’

शनिवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने राहुल गांधी से भी अपील की थी कि यदि मुख्यमंत्री उनकी मांगें नहीं सुन रहे हैं तो कांग्रेस को झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन से समर्थन वापस लेना चाहिए।

छात्रों ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची में तिरंगा यात्रा भी निकाली थी। उनका कहना है कि उनका आंदोलन सिर्फ किसी एक परीक्षा या भर्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि वे पूरी भर्ती परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुधार की मांग कर रहे हैं।

छात्रों ने साफ चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा और आने वाले दिनों में प्रदर्शन और व्यापक किया जाएगा।

बंगाल में पूर्व जस्टिस इंद्रजीत चटर्जी ने की SIR ड्यूटी से हटने की मांग! पत्र में किया परेशानी का जिक्र

रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर भीषण हादसा: समुद्र की तेज लहरों में डूबे पुणे के 8 छात्र, ट्रिप के दौरान मातम

अजय राय की होगी छुट्टी? आराधना मिश्रा ‘मोना’ को मिल सकती है UP कांग्रेस की कमान

स्मित मच्छार के चाचा-चाची से मिले CM फडणवीस; तारीफ़ करते हुए बोले- मुंबई के सुपुत्र और असली हीरो हैं कैप्टन

सपा नेता के बिगड़े बोल, BJP नेत्री को कहा- किसी घाट पर कपड़ा धो रही होती; देखें वीडियो