US President Donald Trump On Presidential Election 2028: अमेरिका में राष्ट्रपति पद के होने वाले चुनाव में अभी देरी है। लेकिन इसपर अभी से चर्चा शुरू हो गई। आयरलैंड के शैनन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मीडिया ने उम्मीदवारी को लेकर सवाल पूछा। उनसे पूछा गया कि क्या वह 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का समर्थन करेंगे, तो उन्होंने सावधानी भरे अंदाज में कहा कि अभी इसके बारे में कुछ भी कहना बहुत जल्दबाजी होगी। यह बातचीत तब हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति आयरलैंड के शैनन में एयर फोर्स वन में सवार होने से पहले पत्रकारों से बात कर रहे थे।
मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, "अभी इसके बारे में कुछ भी कहना बहुत जल्दबाजी होगी। मेरा मतलब है, अभी बहुत जल्दी है। मुझे लगता है कि वह बहुत बढ़िया हैं। हमारे पास बहुत से बेहतरीन लोग हैं। हमारे पास, जैसा कि कहा जाता है, बहुत सारे काबिल लोगों की एक बड़ी टीम है।" जब उनसे पूछा गया कि वेंस के मुकाबले कौन सबसे मजबूत दावेदार हो सकता है, तो ट्रंप ने कहा, "देखिए, मुझे लगता है कि वे सभी बहुत अच्छे हैं, और जेडी तो शानदार हैं; उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है।"
अगस्त, 2026 में एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया था कि ओवल ऑफिस में एक बैठक के दौरान, ट्रंप ने अपने उपराष्ट्रपति की संभावित उम्मीदवारी पर बात की थी। उन्होंने बैठक में मौजूद लोगों से कहा था, "आखिरकार, हमें जेडी को ही चुनना है।" रिपोर्ट में कहा गया कि था कि हालांकि उन निजी टिप्पणियों से संकेत मिला था कि वे भविष्य में वेंस का समर्थन करने के लिए तैयार हैं, लेकिन सलाहकारों ने इशारा किया था कि राष्ट्रपति ने अभी तक अपने उत्तराधिकारी के बारे में कोई पक्का फैसला नहीं किया है।
रिपोर्ट में कहा गया कि यूएस राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच तुलना कर रहे थे। उस दौरान हुई अंदरूनी चर्चाओं से पता चला कि ट्रंप अक्सर अपने सहयोगियों से दोनों की तुलना करने वाले सवाल पूछते रहते थे, यहां तक कि 'मरीन वन' में यात्रा के दौरान भी वे अनौपचारिक रूप से स्टाफ की राय लेते थे। हालांकि अगस्त में एक प्रमुख सलाहकार ने बताया था कि ट्रंप ने निजी तौर पर यह मान लिया है कि वेंस ही 'MAGA' आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।