सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के सत्र जज को कड़ी फटकार लगाई।
पुलिस अधिकारी पर 1 रुपये का जुर्माना लगाने का मामला।
जज ने अवमानना की कार्रवाई कर अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन किया।
सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक प्रशिक्षण लेने की सलाह दी।
Supreme Court Rebukes Bihar Judge: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को बिहार के एक सत्र जज को प्रक्रियात्मक नियमों का उल्लंघन करने के लिए फटकार लगाई। जज ने अदालत की अवमानना का दोषी मानते हुए एक पुलिस अधिकारी पर 1 रुपये का जुर्माना लगाया था। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान जज को फटकार लगाते हुए टिप्पणी की कि एक जज को उसके अधिकार क्षेत्र के बारे में जानकारी होनी चाहिए।
जानकारी के मुताबिक, मामला बिहार के रोहताश जिले के सासाराम का है। यहां जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-4, अनिल कुमार ने 29 सितंबर 2026 को तत्कालीन एसपी रौशन कुमार को दोषी ठहराया था। क्योंकि उन्होंने अदालत के निर्देश के बावजूद एक ऐसे व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के निर्देश का पालन नहीं किया था, जिसने कथित तौर पर झूठी गवाही दी थी।
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहन की पीठ ने सत्र न्यायाधीश की याचिका पर सुनवाई की। याचिका में पटना हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी गई थी, जिसमें उनके कामकाज पर गंभीर सवाल उठाए गए थे। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सत्र न्यायाधीश ने पुलिस अधिकारी के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू कर अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाने का प्रयास किया, जबकि संबंधित अपील हाईकोर्ट में लंबित थी।
न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची ने जज के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा, कानून की आपकी समझ भयावह है। आपने बेहद आक्रामक रुख अपनाया, अधीक्षक को बुलाया और उन्हें दोषी ठहरा दिया। हम न्याय करने के आपके प्रयास की सराहना करते हैं, लेकिन प्रक्रियात्मक बाधाओं और अनुशासन से बंधे हैं। एक जज के रूप में आपको अपने अधिकार क्षेत्र का पता होना चाहिए। पीठ ने यह भी सवाल किया कि क्या एफआईआर दर्ज करने के निर्देश का पालन नहीं होने मात्र से सत्र अदालत अवमानना की कार्यवाही शुरू कर सकती है।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सत्र न्यायाधीश को कानून की संबंधित धाराओं को समझने की सलाह दी। पीठ ने BNSS की धारा 384 और CrPC की धारा 345 का जिक्र करते हुए कहा कि अदालत के सामने किए गए अपराध और न्यायिक निर्देशों का पालन नहीं करने के बीच अंतर समझना जरूरी है।
पीठ ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अदालत में किसी को थप्पड़ मारता है, न्यायाधीश को अपशब्द कहता है या आदेश के बावजूद अदालत कक्ष से बाहर जाने से इनकार करता है, तो यह अदालत के सामने किया गया अपराध हो सकता है। लेकिन किसी व्यक्ति को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देना और उसका पालन नहीं होना अपने आप में अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट ने सत्र जज को न्यायिक अधिकारों और उनकी सीमाओं के भीतर काम करने की नसीहत दी। पीठ ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि जज को अपने अधिकार क्षेत्र का पता होना चाहिए और उन्हें जरूरत पड़ने पर न्यायिक प्रशिक्षण भी लेना चाहिए।
पीठ ने कहा, क्या आप अपने अधिकार क्षेत्र और सीमाओं के भीतर ऐसा करने के लिए सक्षम थे? अपने हाथ रोकिए। बहुत हो गया रोमांच। राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी जाइए और प्रशिक्षण लीजिए। अब बाहुबली बनने की कोशिश कर रहे हैं? एक न्यायाधीश के रूप में, आपको अपने अधिकार क्षेत्र का पता होना चाहिए। कोर्ट ने कहा कि आप खुद को बाहुबली समझना बंद करें।
सत्र न्यायाधीश की कार्रवाई तब हाईकोर्ट की जांच के दायरे में आई, जब 2023 के मूल मामले के फैसले के खिलाफ अपील पर सुनवाई हो रही थी। हाईकोर्ट ने सवाल उठाया कि फैसला सुनाए जाने के बाद ट्रायल जज संबंधित मामलों में आदेश कैसे जारी करते रहे। उसने इस घटनाक्रम को असामान्य और अभूतपूर्व बताया।
8 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने प्रधान जिला न्यायाधीश को सत्र न्यायाधीश की ओर से पुलिस अधिकारी के खिलाफ शुरू की गई अवमानना कार्यवाही से जुड़े आदेशों और पूरे रिकॉर्ड की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। मामले को 25 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया था। इस बीच सत्र जज ने अपने फैसलों का बचाव करते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। जहां सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाते हुए संयम बरतने की सलाह दी है।