Special Train Approved For Somvati Amavasya: सोमवती अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेल मंत्री ने कटरा और हरिद्वार के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रख कर लिया गया है।
श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा करते हुए केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। जितेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवती अमावस्या के अवसर पर जम्मू और हरिद्वार के बीच विशेष ट्रेन चलाने की मांग को रेल मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है।
जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि जम्मू और हरिद्वार के बीच विशेष ट्रेन चलाने की लंबे समय से की जा रही मांग को मंजूरी मिल गई है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों से क्षेत्र की लगभग हर महत्वपूर्ण मांग को पूरा किया गया है।
उन्होंने आगे लिखा कि कठुआ, हीरानगर और जम्मू के लोगों के लिए यह एक अच्छी खबर है। अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन सेवा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे बड़ी संख्या में तीर्थयात्री हरिद्वार पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले सकेंगे।
दरअसल जितेंद्र सिंह ने 3 जून 2026 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक पत्र लिखकर विशेष ट्रेन चलाने की मांग की थी। उन्होंने अपने पत्र की प्रति को सार्वजनिक कर बताया था कि जम्मू-कश्मीर में स्वच्छ भारत अभियान से जुड़े राज्य कार्यकारी सदस्य प्रेम नाथ डोगरा ने इस संबंध में अनुरोध भेजा था।
पत्र के माध्यम से अनुरोध किया गया था कि 14 जून को जम्मू से हरिद्वार और 15 जून को हरिद्वार से जम्मू के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाए, ताकि सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार जाने वाले स्थानीय श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा का अनुभव हो। केंद्रीय मंत्री ने रेल मंत्री से इस मांग पर सकारात्मक विचार करने का आग्रह किया था।
यह भी पढ़ें- Bada Mangal 2026: आज छठे बड़े मंगल पर बन रहा है विशेष संयोग, इस छोटे से उपाय से पूरी होगी हर अधूरी कामना
रेलवे प्रवक्ता के मुताबिक स्पेशल ट्रेन पूरी तरह आरक्षित होगी और इसका केवल एक फेरा ही निर्धारित किया गया है। ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे- जिनमें स्लीपर, जनरल, एसी थ्री-टियर और एसी टू-टियर श्रेणी के डिब्बे शामिल है। इस स्पेशल ट्रेन की स्टॉपेज होंगी- शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन, जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर और रुड़की।
बता दें कि हिंदू धर्म में सोमवती अमावस्या पर तीर्थयात्रा का विशेष महत्व है। 15 जून 2026 को सोमवती अमावस्या का व्रत रखा जाएगा और स्नान-दान किया जाएगा। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए हरिद्वार जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों पर पहुंचकर दर्शन और पूजा अर्चना करते है। ऐसे अवसरों पर अतिरिक्त रेल सेवाएं यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।