राहुल गांधी के इजरायल वाले बयान पर भड़के तुषार गांधी सोर्स-सोशल
देश

राहुल गांधी के इजरायल पर बयान से असहमत हुए तुषार गांधी, बोले- नरसंहार से बड़े नहीं हो सकते रणनीतिक हित

Rahul Gandhi Israel Statement: तुषार गांधी ने इजरायल पर राहुल गांधी के बयान से असहमति जताई। पिनाराई विजयन ने भी आलोचना की, जबकि कांग्रेस प्रवक्ता ने राहुल का बचाव किया।

करुणा नंद शाहवाल

Highlights:

  • तुषार गांधी ने राहुल गांधी के इजरायल के साथ मजबूत संबंधों वाले बयान से असहमति जताई।

  • पिनाराई विजयन ने गाजा में हिंसा का हवाला देकर राहुल गांधी की आलोचना की।

  • कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि राहुल गांधी के बयान का गलत अर्थ निकाला जा रहा है।

Tushar Gandhi On Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इजरायल के साथ मजबूत संबंधों वाले बयान पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। महात्मा गांधी के परपोते और लेखक तुषार गांधी ने राहुल के रुख से खुलकर असहमति जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि रणनीतिक हित किसी भी सूरत में नरसंहार से बड़े नहीं हो सकते।

वहीं, तुषार गांधी ने गाजा और फिलिस्तीन के लोगों के समर्थन में खड़े होने की बात भी कही। इस मुद्दे पर केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और CPI(M) नेता पिनाराई विजयन ने भी राहुल गांधी की आलोचना की है। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने राहुल के बयान का बचाव करते हुए कहा कि उनकी बात का गलत मतलब निकाला जा रहा है।

तुषार गांधी ने राहुल के रुख पर जताई असहमति

तुषार गांधी ने एक्स पर लिखा कि वह राहुल गांधी के उस विचार से पूरी तरह सहमत नहीं हैं, जिसमें उन्होंने इजरायल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थन किया है। उनका कहना है कि भारत के रणनीतिक हितों को मानवता और निर्दोष लोगों की जान से ऊपर नहीं रखा जा सकता।

वहीं एक और दुसरे पोस्ट में तुषार ने इजरायल के गठन को अनैतिक और अवैध बताते हुए जायोनी राज्य की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि फिलिस्तीनियों के साथ हुए अन्याय को ध्यान में रखे बिना इस मुद्दे पर कोई राय नहीं बनाई जानी चाहिए।

फिलिस्तीनियों के खिलाफ अपराधों का किया जिक्र

तुषार गांधी ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि इजरायल के गठन के समय से ही जायोनी आंदोलन के तहत फिलिस्तीनियों पर अत्याचार हुए और उनकी जमीनें तथा घर छीने गए।

उन्होंने कहा कि फिलिस्तीनियों के खिलाफ हुए इन कथित अपराधों की तुलना हमास या किसी अन्य संगठन की कार्रवाइयों से नहीं की जा सकती। उनका जोर इस बात पर रहा कि गाजा में जारी हिंसा के बीच भारत को फिलिस्तीन के लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए।

पिनाराई विजयन ने भी राहुल गांधी को घेरा

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी राहुल गांधी के बयान पर सवाल उठाए। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जब गाजा में बड़ी संख्या में आम नागरिक और बच्चे मारे जा रहे हैं, तब इजरायल के साथ मजबूत संबंध बनाने और उससे हथियार खरीदने की वकालत करना विरोधाभासी है।

विजयन ने राहुल गांधी पर फिलिस्तीन के मुद्दे पर दोहरा रुख अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि भारत को गाजा में हो रही हिंसा के खिलाफ स्पष्ट रुख रखना चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने किया राहुल गांधी का बचाव

विवाद के बीच कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने तुषार गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राहुल गांधी के बयान का गलत अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। राजपूत के मुताबिक, राहुल ने फिलिस्तीन के खिलाफ कुछ नहीं कहा है, बल्कि उन्होंने गाजा पर इजरायल के हमले का विरोध भी किया है।

शिकागो में क्या बोले थे राहुल गांधी?

दरअसल, शिकागो विश्वविद्यालय में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि भारत की विदेश नीति देश के रणनीतिक और राष्ट्रीय हितों के आधार पर तय होनी चाहिए। उन्होंने इजरायल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थन किया और कहा कि सेना के लिए बेहतर हथियार हासिल करना भी भारत के रणनीतिक हितों का हिस्सा है।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इजरायल के साथ संबंधों का समर्थन करने का मतलब गाजा के मुद्दे पर चुप रहना नहीं है। राहुल गांधी ने 7 अक्टूबर के हमलों और निर्दोष लोगों की हत्या की निंदा करने के साथ गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई की भी आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि एक गलत काम को दूसरे गलत काम से सही नहीं ठहराया जा सकता। राहुल गांधी के इसी बयान को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस तेज हो गई है।

Explainer: भारत में विमानों की कमी क्यों, जब एयरलाइनों ने 1,000 से ज्यादा जेट ऑर्डर कर रखे हैं?

बालेन शाह पहुंचे भारत, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू के लिए लाए खास उपहार; क्यों है खास दौरा?

विधायक के PA की पत्नी हारीं चुनाव, गांव से हटवा दी गईं 50 स्ट्रीट लाइटें; ग्रामीण नाराज

कौन थे रामराव वडकुते? जिनके निधन पर PM मोदी ने जताया दुख, महाराष्ट्र में भाजपा को मजबूत करने में निभाई भूमिका

4 गुना फंड और 3 एयरपोर्ट, अमित शाह ने अरुणाचल की तरक्की का बताया हिसाब, कहा- बाहर से नहीं आएगा दूध-अंडा और मास