

Highlights:
भारत को अपनी विमानन जरूरतों के लिए 2,000 से ज्यादा कमर्शियल विमानों की जरूरत, 1,000 और खरीदने की तैयारी।
इंडिगो, एयर इंडिया और आकासा एयर के बड़े ऑर्डर के बावजूद विमानों की डिलीवरी में देरी क्यों?
बढ़ती हवाई यात्रा, नए एयरपोर्ट और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी से भारत का विमान बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है।
Aircraft Shortage in India: भारत में हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच 1,000 और विमान खरीदने की तैयारी है। पहले से 1,200 से ज्यादा विमानों के ऑर्डर हैं, लेकिन डिलीवरी में देरी बड़ी चुनौती है। भारत में विमानों की कमी इन दिनों चर्चा का विषय बन गई है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के बयान ने आम जनता के मन में सवाल खड़ा हो गया है कि भारत में आखिर विमानों की कमी क्यों हो रही है?
हाल ही में पीयूष गोयल ने बताया कि भारत में नागरिक विमानों की भारी कमी है और हवाई यातायात की मांग को पूरा करने के लिए 1,000 और विमानों का ऑर्डर देने की तैयारी है। गोयल ने यह भी कहा कि विमानों की जल्द आपूर्ति के लिए स्थापित विमान निर्माताओं से बातचीत की जा रही है।
सबसे पहला सवाल यह उठता है कि भारत में कमर्शियल विमानों की कमी क्यों है, और इनकी जरूरत क्यों बढ़ रही है। असल में, हवाई यात्रियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। बढ़ती आय, बेहतर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और छोटे शहरों में नए हवाई अड्डे खुलने की वजह से, पूरे भारत में ज्यादा लोग हवाई यात्रा करना चुन रहे हैं।
ऐसे में यदि भारतीय एयरलाइन और कमर्शियल एयरलाइन के पास फिलहाल इतने विमान मौजूद नहीं है। भारतीय एयरलाइनों को विमानों की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय रूटों का विस्तार करने के लिए इन विमानों की जरूरत है।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि भारत को अपनी लंबी अवधि की हवाई यात्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए कुल 2,000 से ज्यादा विमानों की आवश्यकता होगी। एयरलाइनों ने पहले ही 1,200 से ज्यादा विमानों के ऑर्डर दे दिए हैं, और अब 1,000 और विमानों का ऑर्डर देने की तैयारी चल रही है।
जून 2023 में, इंडिगो ने अपने फ्लाइट नेटवर्क का विस्तार करने के लिए 500 एयरबस A320-सीरीज के विमानों का एक बड़ा ऑर्डर दिया। इंडिगो के पास घरेलू बाजार का 64% से ज्यादा हिस्सा है और भारत से उड़ान भरने वाली कुल निर्धारित सीट क्षमता में इसकी हिस्सेदारी लगभग 51% है।
फरवरी 2023 में, टाटा के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने 470 विमानों का ऑर्डर दिया। जिसमें यूरोपीय कंपनी एयरबस से 250 और अमेरिकी कंपनी बोइंग से 220 विमान शामिल हैं।
इस ऑर्डर में लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बड़े 'वाइड-बॉडी' विमान 40 एयरबस A350, 20 बोइंग 787 और 10 बोइंग 777-9 के साथ-साथ घरेलू रूटों के लिए 'नैरो-बॉडी' विमान भी शामिल हैं।
जनवरी 2024 में, आकासा एयर ने घरेलू कनेक्टिविटी को मजबूत करने और नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने के लिए 150 बोइंग 737 मैक्स जेट विमानों का ऑर्डर दिया।
एयरक्राफ्ट मैन्यूफ्रैकचर कंपनी बोइंग का अनुमान है कि 2044 तक, भारत और दक्षिण एशिया की एयरलाइनों को लगभग 3,300 नए विमानों की आवश्यकता होगी। डिलीवरी की समय-सीमा की बात करें तो चूंकि कमर्शियल विमानों के निर्माण और डिलीवरी में कई साल लग जाते हैं, इसलिए ऑर्डर किए गए विमानों को समय पर प्राप्त करना एयरलाइनों के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
भारत की प्रमुख एयरलाइनों, इंडिगो और एयर इंडिया ने विमान निर्माता कंपनियों एयरबस और बोइंग को बड़े ऑर्डर दिए हैं। भारत में 'एयरबस' की दो फाइनल असेंबली लाइनें हैं। एक सैन्य परिवहन विमानों के लिए और दूसरी हेलीकॉप्टर निर्माण के लिए।
इसके अलावा, बोइंग और एयरबस भारत से हर साल लगभग 2 अरब डॉलर मूल्य के पुर्जे और सेवाएं खरीदते हैं, जिससे विमानन क्षेत्र में भारतीय कंपनियों के लिए बिजनेस के अवसर पैदा होते हैं।