PM Narendra Modi in Mizoram: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पूर्वोत्तर दौरे की शुरुआत मिजोरम को एक ऐतिहासिक तोहफा देकर की है। उन्होंने आइजोल में 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान सबसे महत्वपूर्ण क्षण वह रहा जब उन्होंने बैराबी-सैरांग नई रेल लाइन को राष्ट्र को समर्पित किया। इस परियोजना के साथ ही मिजोरम पहली बार भारतीय रेल के नक्शे पर आ गया है, जिससे राज्य के लिए विकास के नए द्वार खुल गए हैं।
अपने इस दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी मिजोरम के बाद मणिपुर, असम, पश्चिम बंगाल और बिहार भी जाएंगे, जहां कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी। मिजोरम में रेलवे लाइन के उद्घाटन के अलावा भी कई अन्य परियोजनाओं की नींव रखी गई है। इसके बाद प्रधानमंत्री मणिपुर का दौरा करेंगे और यहां पर भी वे 8,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। पीएम की यह यात्रा पूर्वोत्तर भारत में संपर्क और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की एक बड़ी पहल का हिस्सा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर को मिजोरम की जनता और पूरे राष्ट्र के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि आज से आइजोल भारत के रेलवे मानचित्र का हिस्सा बन गया है, जो दशकों का इंतजार खत्म होने जैसा है। प्रधानमंत्री ने कहा, ""मैं मिजोरम के लेंगपुई एयरपोर्ट पर हूं। दुर्भाग्यवश खराब मौसम के कारण मैं आपके बीच आइजोल नहीं आ सका, लेकिन इस माध्यम से भी मैं आपका प्यार और स्नेह महसूस कर पा रहा हूं।"
प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम आइजोल के लम्मुआल ग्राउंड में निर्धारित था, लेकिन भारी बारिश के कारण उनका हेलिकॉप्टर लेंगपुई एयरपोर्ट से उड़ान नहीं भर सका। अधिकारियों के अनुसार, इस वजह से प्रधानमंत्री को अपना कार्यक्रम बदलना पड़ा। हालांकि, उन्होंने इस बाधा को विकास कार्यों के आड़े नहीं आने दिया और एयरपोर्ट से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैराबी-सैरांग नई रेल लाइन का उद्घाटन कर दिया। PM का यह कदम दर्शाता है कि सरकार किसी भी परिस्थिति में पूर्वोत्तर के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित लगता है।