Highlights:
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत दौरे पर आया है।
मुसद्दिक मलिक SCO के सिविलिजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचे हैं।
सिंधु जल संधि पर उनके पुराने बयानों को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार से सवाल किए हैं।
Pakistan Minister Musaddiq Malik Delhi Visit SCO 2026: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत की धरती पर पहुंचा है। बता दें कि पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसद्दिक मसूद मलिक 20 नवंबर को दिल्ली पहुंचे। वह यहां शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सिविलिजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने आए हैं। लेकिन उनकी इस यात्रा ने भारत में राजनीतिक बहस छेड़ दी है। वजह है उनके पुराने बयान, जिनमें उन्होंने सिंधु जल संधि को लेकर भारत को धमकी दी थी।
विपक्ष अब केंद्र सरकार से सवाल कर रहा है कि जब पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ रिश्ते तनावपूर्ण हैं, तो उसके मंत्री को भारत आने की अनुमति क्यों दी गई। दरअसल, इस दौरे के पीछे SCO की मेजबानी और कूटनीतिक प्रोटोकॉल की भूमिका है। हालांकि, पाकिस्तान ने भारत की ओर से आमंत्रित मंत्री की जगह मुसद्दिक मलिक को भेजकर इस यात्रा को एक अलग राजनीतिक रंग भी दे दिया है। आइए समझते हैं कि पूरा मामला क्या है और भारत के लिए SCO कितना महत्वपूर्ण है।
20 नवंबर को पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसद्दिक मसूद मलिक दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत साद वड़ैच ने उनका स्वागत किया। मई 2023 में तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा में SCO की बैठक में शामिल होने के बाद यह किसी पाकिस्तानी मंत्री का पहला भारत दौरा है।
यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्रों में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया। ऐसे माहौल में पाकिस्तानी मंत्री की भारत में मौजूदगी ने राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।
मुसद्दिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के पुराने किले में आयोजित SCO सिविलिजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम का उद्घाटन कर रहे हैं, जबकि पाकिस्तानी मंत्री अगले दिन मंच को संबोधित करेंगे। संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में SCO के सदस्य और आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।
बता दें कि इस फोरम का उद्देश्य SCO देशों के बीच साझा सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और सभ्यतागत संबंधों पर चर्चा करना है। कार्यक्रम में चार प्रमुख विषय रखे गए हैं। इनमें सभ्यतागत और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला और वास्तुकला, भाषा और साहित्य तथा पांडुलिपियों से जुड़े विषय शामिल हैं। इसके अलावा SCO देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत को UNESCO में संयुक्त रूप से दर्ज कराने पर भी चर्चा होनी है।
कार्यक्रम का एक खास आकर्षण 'अस्तित्व' नाम का कल्चरल वॉकथ्रू है। इसमें पुराने किले के परिसर में मिले पुरातात्विक अवशेषों और ऐतिहासिक परतों को आधुनिक तकनीक के जरिए दिखाया जा रहा है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के मुताबिक, यहां की खुदाई में मौर्य काल से लेकर मुगल काल तक के अवशेष मिले हैं। कुछ स्थानों पर इससे भी पुराने इतिहास के प्रमाण सामने आए हैं।
बता दें कि मुसद्दिक मलिक पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के सांसद हैं। वह टेक्नोक्रेट से मंत्री बने और मार्च 2025 में शहबाज शरीफ सरकार में जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले वह जल संसाधन मंत्री और तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के प्रवक्ता भी रह चुके हैं।
वहीं उनकी नियुक्ति को लेकर विवाद की मुख्य वजह उनके पुराने बयान हैं। पहलगाम हमले के बाद जब भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित किया था, तब मलिक ने इस मुद्दे पर भारत के खिलाफ तीखी बयानबाजी की थी। जून 2025 में उन्होंने धमकी दी थी कि पाकिस्तान उन हाथों को काट देगा, जो सिंधु नदी का पानी रोकने की कोशिश करेंगे। वह इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों और संयुक्त राष्ट्र में उठाने की बात भी करते रहे हैं।
मुसद्दिक मलिक की भारत में मौजूदगी को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का कहना है कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कह चुके हैं कि आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान के ऐसे मंत्री को भारत में मंच दिया जा रहा है, जो पहले भारत के खिलाफ धमकी भरे बयान दे चुके हैं।
विपक्ष का तर्क है कि पहलगाम हमले के बाद भारत पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग करने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में पाकिस्तानी मंत्री की मौजूदगी सरकार की नीति को लेकर भ्रम पैदा करती है।
हालांकि, सरकार की ओर से इस यात्रा को SCO कार्यक्रम के संदर्भ में देखा जा रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 28 अक्टूबर को कहा था कि भारत मेजबान होने के नाते SCO के सभी सदस्य देशों, संवाद साझेदारों और पर्यवेक्षकों को आमंत्रित कर रहा है।
SCO भारत के लिए केवल एक सांस्कृतिक या कूटनीतिक मंच नहीं है। यह मध्य एशिया में भारत के रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा हितों से भी जुड़ा है। संगठन में कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, ताजिकिस्तान और किर्गिस्तान जैसे देश शामिल हैं। इन देशों के पास तेल, गैस, यूरेनियम और महत्वपूर्ण खनिजों के बड़े भंडार हैं।