

Navi Mumbai International Airport: अगर आप मुंबई से दोहा, रियाद, मस्कट या किसी दूसरे खाड़ी देश की यात्रा करते हैं, तो आने वाले समय में आपको अपनी फ्लाइट पकड़ने के लिए मुंबई के बजाय नवी मुंबई एयरपोर्ट जाना पड़ सकता है। वजह है मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कुछ विदेशी उड़ानों को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना।
इस फैसले को लेकर अदाणी ग्रुप की एयरपोर्ट संचालन कंपनी और 12 विदेशी एयरलाइंस के बीच विवाद गहरा गया है। कुछ एयरलाइंस ने इस मुद्दे को संबंधित देशों की सरकारों के सामने उठाने की चेतावनी भी दी है। दरअसल, यह पूरा मामला सिर्फ फ्लाइट का एयरपोर्ट बदलने तक सीमित नहीं है। इसमें मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की मरम्मत, उड़ानों के समय यानी स्लॉट, यात्रियों की कनेक्टिविटी और एयरलाइंस के कारोबार से जुड़े कई सवाल शामिल हैं। आइए समझते हैं कि आखिर पूरा विवाद क्या है और इसका असर हवाई यात्रियों पर कैसे पड़ सकता है।
बता दें कि मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) का संचालन अदाणी ग्रुप की कंपनी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) करती है। कंपनी ने समर 2027 के फ्लाइट शेड्यूल के लिए कुछ विदेशी एयरलाइंस को उनके पुराने समय वाले स्लॉट देने से इनकार कर दिया है। यह शेड्यूल मार्च 2027 के आखिरी सप्ताह से शुरू होना है।
MIAL के इस फैसले से 12 विदेशी एयरलाइंस प्रभावित हो सकती हैं। इनमें कतर एयरवेज, कुवैत एयरवेज, गल्फ एयर और नेपाल एयरलाइंस जैसी कंपनियां शामिल हैं। ये एयरलाइंस मुंबई से रोजाना करीब 16 उड़ानें संचालित करती हैं। इनके जरिए बहरीन, ढाका, दोहा, जकार्ता, काठमांडू और मदीना समेत 14 शहरों के लिए हवाई सेवा उपलब्ध होती है।
MIAL ने कुल 50 विदेशी एयरलाइंस में से 38 को स्लॉट दिए हैं, लेकिन बाकी 12 एयरलाइंस को पुराने स्लॉट नहीं मिले। इसी फैसले के बाद विवाद शुरू हुआ।
इस विवाद को समझने के लिए पहले एयरपोर्ट स्लॉट का मतलब जानना जरूरी है। किसी एयरपोर्ट पर विमान के उतरने और उड़ान भरने के लिए जो निश्चित समय तय किया जाता है, उसे स्लॉट कहते हैं। बड़े और व्यस्त एयरपोर्ट पर सीमित समय में ही विमानों की आवाजाही संभव होती है। इसलिए हर एयरलाइन के लिए सुविधाजनक समय का स्लॉट मिलना काफी महत्वपूर्ण होता है।
बहुत सारें लोगों के मन में अब भी यह सवाल है कि हिस्टोरिकल स्लॉट क्या होता है? दरअसल, जो एयरलाइन किसी सीजन में नियमित रूप से एक तय समय पर उड़ान संचालित करती है, उसे अगले संबंधित सीजन में भी उसी स्लॉट को बनाए रखने की प्राथमिकता मिलती है। इसी व्यवस्था को हिस्टोरिकल स्लॉट कहा जाता है।
मुंबई जैसे व्यस्त एयरपोर्ट पर सुबह और शाम के समय के स्लॉट खास तौर पर महत्वपूर्ण माने जाते हैं। इन समयों पर यात्रियों की आवाजाही अधिक रहती है और एयरलाइंस को कनेक्टिंग फ्लाइट्स का शेड्यूल बनाने में भी सुविधा होती है। ऐसे में पुराने स्लॉट छिनने या बदलने से एयरलाइंस के पूरे ऑपरेशन पर असर पड़ सकता है।
इस फैसले के पीछे सबसे बड़ा कारण मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की मरम्मत बताया जा रहा है। टर्मिनल-1 का निर्माण 1964 में हुआ था और अब इसकी संरचना को सुधारने की जरूरत है। 2017 में स्ट्रक्टवेल और 2024 में IIT बॉम्बे की ओर से की गई जांच में इमारत की स्थिति को लेकर चिंताएं सामने आई थीं। इनमें संरचना की कमजोरी, लोहे में जंग लगने और कंक्रीट के खराब होने जैसी बातें शामिल थीं।
MIAL का कहना है कि टर्मिनल-1 की मरम्मत अप्रैल 2027 से शुरू करनी जरूरी है और इसे अब आगे नहीं टाला जा सकता। हालांकि, मरम्मत के दौरान एयरपोर्ट की यात्रियों को संभालने की क्षमता कम हो जाएगी। इसी समस्या से निपटने के लिए कंपनी उड़ानों को दूसरे टर्मिनल और नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने की योजना बना रही है।
बता दें कि मुंबई एयरपोर्ट के दोनों टर्मिनल मिलकर हर साल करीब 5.5 करोड़ यात्रियों को संभालते हैं। टर्मिनल-1 मुख्य रूप से घरेलू उड़ानों के लिए इस्तेमाल होता है और इसकी मौजूदा क्षमता लगभग 1.5 करोड़ यात्रियों की है। मरम्मत के बाद इसे बढ़ाकर 2 करोड़ तक करने की योजना है। लेकिन निर्माण कार्य के दौरान एयरपोर्ट की सालाना क्षमता करीब 50 लाख यात्रियों तक घट सकती है। इस कमी को पूरा करने के लिए घरेलू उड़ानों को टर्मिनल-2 में स्थानांतरित करने और कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई भेजने की योजना बनाई गई है।
शुरुआत में MIAL ने प्रस्ताव दिया था कि मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली भारतीय और विदेशी एयरलाइंस अपनी कुछ उड़ानें मुंबई से और बाकी नवी मुंबई से संचालित करें। लेकिन इस व्यवस्था को लेकर विरोध हुआ। इसके बाद अक्टूबर में नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मामले में हस्तक्षेप किया।
इसके बाद इंडिगो, एयर इंडिया ग्रुप और अकासा एयर जैसी भारतीय एयरलाइंस 14 शहरों के लिए अपनी सभी उड़ानों को धीरे-धीरे नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने के लिए तैयार हो गईं। इससे मुंबई एयरपोर्ट पर करीब 30 लाख यात्रियों का सालाना दबाव कम होने की उम्मीद है।
हालांकि, विदेशी एयरलाइंस इस व्यवस्था से सहमत नहीं हैं। MIAL ने 30 अक्टूबर को नागरिक उड्डयन मंत्रालय को भेजे ईमेल में कहा कि किसी एक शहर के लिए सभी उड़ानें एक ही एयरपोर्ट से संचालित होने से यात्रियों को भ्रम नहीं होगा और फ्लाइट शेड्यूल बनाना भी आसान रहेगा। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि टर्मिनल-1 के दोबारा तैयार होने तक प्रभावित एयरलाइंस को या तो मुंबई से अपनी उड़ानें बंद करनी होंगी या पूरी तरह नवी मुंबई से संचालन करना होगा।
विदेशी एयरलाइंस के विरोध के पीछे चार बड़ी वजहें बताई जा रही हैं।
1. पुराने स्लॉट खोने का डर: एयरलाइन ऑपरेटर्स कमेटी (AOC) का आरोप है कि MIAL ने यह फैसला एकतरफा लिया है। एयरलाइंस का कहना है कि इससे नागरिक उड्डयन मंत्रालय के 2013 के स्लॉट नियमों और IATA के अंतरराष्ट्रीय नियमों की अनदेखी हो सकती है।
2. संचालन का खर्च बढ़ेगा: अगर किसी एयरलाइन को मुंबई और नवी मुंबई दोनों एयरपोर्ट से उड़ानें चलानी पड़ें, तो उसे अलग-अलग ग्राउंड हैंडलिंग टीम, कर्मचारियों और क्रू की व्यवस्था करनी होगी। इससे परिचालन खर्च बढ़ सकता है। एयरलाइंस के लिए यह अतिरिक्त खर्च लंबे समय तक उठाना आसान नहीं होगा।
3. यात्रियों को होगी परेशानी: मान लीजिए कोई यात्री दिल्ली से घरेलू फ्लाइट लेकर मुंबई पहुंचता है और वहां से उसे दोहा या मस्कट जाना है। अगर उसकी अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट नवी मुंबई से है, तो उसे दोनों एयरपोर्ट के बीच करीब 40 किलोमीटर का सफर करना पड़ेगा। मुंबई के ट्रैफिक में यह दूरी तय करने में काफी समय लग सकता है। इससे कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने, सामान ट्रांसफर और टिकट से जुड़े समझौतों में भी दिक्कत आ सकती है।
4. पुराने स्लॉट वापस मिलने की चिंता: MIAL ने भरोसा दिया है कि टर्मिनल-1 के दोबारा तैयार होने के बाद 2029 में पुराने स्लॉट वापस दिए जा सकते हैं। लेकिन एयरलाइंस को आशंका है कि एक बार मुंबई एयरपोर्ट के अच्छे समय वाले स्लॉट हाथ से निकल गए, तो भविष्य में उन्हें वापस पाना मुश्किल हो सकता है।
इस विवाद में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी हस्तक्षेप किया है। उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखकर मौजूदा उड़ानों को नवी मुंबई शिफ्ट करने के फैसले पर आपत्ति जताई है।
फडणवीस ने सुझाव देते हुए कहा कि टर्मिनल-1 को पूरी तरह बंद करने के बजाय उसकी मरम्मत चरणबद्ध तरीके से की जाए। यानी पूरे टर्मिनल को एक साथ बंद करने के बजाय अलग-अलग हिस्सों में काम किया जाए, ताकि उड़ानों का संचालन जारी रह सके। उन्होंने इसके लिए दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर पहले किए गए मरम्मत कार्यों का उदाहरण भी दिया है।
एयरलाइन ऑपरेटर्स कमेटी इस मामले में नागरिक उड्डयन मंत्रालय से कई बार हस्तक्षेप की मांग कर चुकी है। 2 और 6 नवंबर के बाद संगठन ने तीसरी बार मंत्रालय से मदद मांगी है। 17 से 19 नवंबर के बीच होने वाली IATA की स्लॉट बैठक से पहले यह विवाद और महत्वपूर्ण हो गया है।
हालांकि, अभी अंतिम फैसला केंद्र सरकार और संबंधित विमानन प्राधिकरणों के रुख पर निर्भर करेगा। अगर MIAL की योजना लागू होती है, तो प्रभावित विदेशी एयरलाइंस को मुंबई से अपनी उड़ानें बंद करनी पड़ सकती हैं या नवी मुंबई से संचालन करना होगा।
इस पूरे विवाद का एक अहम पहलू यह भी है कि मुंबई और नवी मुंबई, दोनों एयरपोर्ट का संचालन अदाणी ग्रुप की कंपनियां करती हैं। ऐसे में विदेशी एयरलाइंस को चिंता है कि एक निजी एयरपोर्ट ऑपरेटर उनके उड़ान संचालन और स्लॉट से जुड़े फैसलों को प्रभावित कर रहा है।