रेलवे ने जम्मू मंडल की कई ट्रेनों की समय-सारिणी बदली
वंदे भारत और कालका-कटरा एक्सप्रेस का नया समय 20 अक्टूबर से लागू होगा
अन्य ट्रेनों की टाइमिंग में 21, 22 और 25 अक्टूबर से बदलाव होगा
Jammu Railway Train Timings Change: भारतीय रेलवे ने दिवाली से पहले जम्मू मंडल से होकर चलने वाली कई ट्रेनों के समय में बदलाव किए हैं। इनमें श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, कालका-कटरा एक्सप्रेस समेत कटरा से चलने वाली कई ट्रेनें शामिल हैं। यह बदलाव अलग-अलग तारीखों पर लागू होंगे। कुछ ट्रेनों की नई समय-सारिणी 20 अक्टूबर से प्रभावी होगी, जबकि अन्य ट्रेनों के समय में 21, 22 और 25 अक्टूबर से बदलाव किया जाएगा।
भारतीय रेलवे के नए शेड्यूल के मुताबिक, ट्रेन संख्या 22478 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस 20 अक्टूबर से कटरा स्टेशन से सुबह 5:40 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन से सुबह 6:08 बजे, जम्मू तवी से 7:08 बजे और शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ स्टेशन से सुबह 8:01 बजे रवाना होगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 14503 कालका-कटरा एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव किया गया है। 20 अक्टूबर से यह ट्रेन जम्मू तवी स्टेशन से सुबह 3:20 बजे और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन से सुबह 4:12 बजे रवाना होगी। ट्रेन के कटरा पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 4:47 बजे रहेगा।
कटरा से रवाना होने वाली कई अन्य ट्रेनों के समय में भी संशोधन किया गया है। इनकी नई समय-सारिणी अलग-अलग तारीखों से लागू होगी।
ट्रेन संख्या 15656 कटरा-कामाख्या एक्सप्रेस: 21 अक्टूबर से कटरा स्टेशन से सुबह 3:40 बजे रवाना होगी। यह शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन से सुबह 4:06 बजे चलेगी।
ट्रेन संख्या 14612 कटरा-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस: 22 अक्टूबर से कटरा स्टेशन से सुबह 3:40 बजे प्रस्थान करेगी।
ट्रेन संख्या 19415 साबरमती-कटरा एक्सप्रेस: 25 अक्टूबर से जम्मू तवी स्टेशन से सुबह 4:15 बजे और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन से सुबह 5:16 बजे रवाना होगी। इसके कटरा पहुंचने का समय सुबह 6:25 बजे निर्धारित किया गया है।
रेलवे की ओर से जम्मू और पठानकोट रूट पर चलने वाली डीएमयू ट्रेनों की समय-सारिणी में भी बदलाव किया गया है। ट्रेन संख्या 74909 जम्मू तवी-शहीद कैप्टन तुषार महाजन डीएमयू 20 अक्टूबर से सुबह 8:10 बजे रवाना होगी और सुबह 10:10 बजे अपने गंतव्य स्टेशन पर पहुंचेगी। इसी तरह, ट्रेन संख्या 74906 शहीद कैप्टन तुषार महाजन-पठानकोट डीएमयू सुबह 8 बजे प्रस्थान करेगी। इसके पठानकोट कैंट पहुंचने का समय दोपहर 12 बजे तय किया गया है।
जम्मू से कटरा जाने वाले यात्रियों को भी ट्रेन की नई टाइमिंग का ध्यान रखना होगा। ट्रेन संख्या 11449 जबलपुर-कटरा एक्सप्रेस 20 अक्टूबर से जम्मू तवी स्टेशन से सुबह 8:30 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन से सुबह 10:02 बजे चलेगी और सुबह 11:50 बजे कटरा पहुंचेगी। इसके अलावा, ट्रेन संख्या 16317 के जम्मू से रवाना होने का समय भी 23 अक्टूबर से सुबह 8:30 बजे निर्धारित किया गया है।