नागपुर रेलवे स्टेशन को मिली एयरपोर्ट जैसी अंडरग्राउंड पार्किंग, दशहरा से पहले शुरू होगी सुविधा

Nagpur Railway Station: नागपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के तहत पश्चिमी भाग में बनी अंडरग्राउंड पार्किंग अगले 2-3 दिनों में शुरू होगी। 1600 दोपहिया, 290 चारपहिया वाहनों की क्षमता और लिफ्ट सुविधा है।
Nagpur Railway Station Redevelopment
नागपुर रेलवे स्टेशन पर अंडरग्राउंड पार्किंग सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • नागपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी हिस्से की अंडरग्राउंड पार्किंग तैयार हो गई है।

  • आरएलडीए ने पार्किंग मध्य रेल के नागपुर मंडल को सौंप दी है।

  • पार्किंग में 1,600 दोपहिया और 290 चारपहिया वाहनों की क्षमता बताई गई है।

  • नई व्यवस्था में लिफ्ट, सीढ़ियां और प्रवेश-निकास के लिए अलग व्यवस्था होगी।

  • ग्राउंड फ्लोर पर प्री-पेड ऑटो रिक्शा बूथ शुरू करने की तैयारी है।

  • स्टेशन पुनर्विकास के तहत नए फुट ओवरब्रिज और एलिवेटेड कॉनकोर्स भी प्रस्तावित हैं।

Nagpur Railway Station Redevelopment: देश के सबसे प्रमुख स्टेशनों में शामिल नागपुर स्टेशन के पुनर्विकास प्रोजेक्ट के तहत दशहरा से पहले लोगों को वर्ल्ड स्टेशन की पहली सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।

जी हां, स्टेशन के पश्चिमी भाग में बनी अंडर ग्राउंड पार्किंग पूरी तरह तैयार है और रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (आरएलडीए) द्वारा मध्य रेल नागपुर मंडल रेल प्रबंधन को सौंप दी गई है। अगले 2-3 दिनों के भीतर यहां दोपहिया और कारों की पार्किंग शुरू कर दी जायेगी। मंडल प्रबंधन द्वारा युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

एयरपोर्ट जैसी फीलिंग, लिफ्ट की सुविधा

उल्लेखनीय है कि इस पार्किंग में 1600 दोपहिया और 290 चारपहिया वाहनों के खड़े होने का दावा किया गया है। एंट्री और एग्जिट के रैम्प तैयार हैं और एंट्री प्वाइंट पर वैरियर भी लगाया जा चुका है।

इस अंडर ग्राउंड पार्किंग में आते ही लोगों को एयरपोर्ट जैसी फीलिंग आयेगी क्योंकि लोगों को तय मार्किंग के भीतर ही वाहन खड़े करने होंगे। पार्किंग से ग्रांउड फ्लोर पर पहुंचकर स्टेशन परिसर में जाने के लिए लिफ्ट लगाई गई है।

इसके अलावा सीढ़ियों का भी विकल्प होगा। साथ ही, नीले बोर्ड पर सफेद रंग में लिखे साइनेज बोर्ड लोगों को पार्किंग से बाहर निकलने के लिए निर्देशित करेंगे, जल्द ही ये साइनेज भी डिजिटल कर दिये जायेंगे।

नागपुर स्टेशन पर बदल जायेगा प्रवेश और निकासी द्वार

नागपुर रेलवे स्टेशन परिसर में वाहन से आने वाले लोगों को अब नई व्यवस्था से प्रवेश करना होगा। नया प्रवेश द्वार टेकडी रोड पर बने सिटी बस स्टाप से ठीक पहले बनाया गया है।

कार और दोपहिया चालक यहीं से प्रवेश करेंगे, जिन्हें ड्रॉप एंड गो लेन में जाना होगा वे अंडर ग्राउंड पार्किंग के रैम्प के बायीं ओर से प्रवेश करेंगे। वहीं वर्तमान में निकासी के लिए एक ही लेन शुरू है। बताया जा रहा है कि कुछ निर्माण पूरे होने के बाद दूसरी लेन भी शुरू होगी।

ग्राउंड फ्लोर पर ही प्री-पेड ऑटो बूथ

इस बीच लंबे समय से वैध और अवैध कारणों के बीच फंसे प्री-पेड ऑटो रिक्शा बूथ को भी जगह मिलने की संभावना है। अधिकारियों की मानें तो नया प्री पेड ऑटो बूथ ग्राउंड फ्लोर पर ही स्थापित किया जायेगा।

इसके लिए भी मंडल प्रबंधन द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है। यह सुविधा भी अगले 2-3 दिनों में शुरू करने की तैयारी है। हालांकि बूथ पर एक बार में कितने ऑटो रिक्शा खड़े रखे जायें, इस पर अधिकारियों का विचार मंथन शुरू है।

Nagpur Railway Station Redevelopment
नागपुर के धापेवाड़ा टेक्सटाइल प्रोजेक्ट का हेमा मालिनी ने किया उद्घाटन, 5 हजार महिलाओं को मिलेगा रोजगार

RMS व पुराना RPF पोस्ट भी ध्वस्त

ज्ञात हो कि स्टेशन के पश्चिमी भाग को सीधे पूर्वी भाग से जोड़ने के लिए 108 मीटर और 210 मीटर के 2 विशाल एफओबी बनाये जाने हैं।

साथ ही 2 एलिवेटेट कानकोर्स भी होंगे। इसके लिए हेरिटेज इमारत के दोनों ओर बनी इमारतों में से पुराना आरक्षण काउंटर और 100 वर्ष से भी पुरानी आरएमएस बिल्डिंग ढहा दी गई है, जबकि रेलवे सुरक्षा बल और पुराने एसी वेटिंग रूम वाली इमारत को आधा ढहा दिया गया है। यात्री इन्हीं एफओबी से होते हुए सीधे अपने प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे।

2-3 दिनों में शुरू करने की तैयारी : सीनि. DCM

मध्य रेल नागपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन मित्तल ने बताया कि अगले 2-3 दिनों के भीतर पश्चिमी भाग की अंडर ग्राउंड पार्किंग शुरू करने की तैयारी है। कारें और दोपहिया वाहन नीचे ही खड़े किये जायेंगे, हालांकि प्री पेड ऑटो बूथ सुविधा यात्रियों को ग्राउंड फ्लोर पर ही मिलेगी।

सतीश दंडारे नवभारत।

Navbharat Live
navbharatlive.com