2070 तक भारत में हिंदुओं की आबादी 17.6 करोड़ बढ़ने का अनुमान।
कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी तीन-चौथाई से ज्यादा रह सकती है।
पाकिस्तान में हिंदुओं की संख्या दोगुनी होकर एक करोड़ हो सकती है।
अमेरिका में 2070 तक हिंदुओं की आबादी 90 लाख पहुंचने का अनुमान।
Hindu Population in India 2070: भारत में हिंदुओं की आबादी साल 2020 से 2070 के बीच करीब 17.6 करोड़ बढ़ने का अनुमान है। हालांकि, आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी थोड़ी कम हो सकती है। प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) की नई रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर हिंदू महिलाओं की तुलना में अधिक होने के कारण देश की धार्मिक जनसंख्या संरचना में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके बावजूद 2070 तक भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी तीन-चौथाई से अधिक रहने का अनुमान है।
रिपोर्ट के अनुसार, इसी 50 साल की अवधि में दुनिया भर में हिंदुओं की कुल आबादी में भी करीब 19.9 करोड़ की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ वैश्विक हिंदू आबादी लगभग 1.4 अरब तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, दुनिया की अन्य धार्मिक आबादी की तुलना में हिंदुओं की वृद्धि की रफ्तार धीमी रहने के कारण वैश्विक जनसंख्या में उनकी हिस्सेदारी 2020 के 15 प्रतिशत से घटकर 2070 में 14 प्रतिशत हो सकती है। प्यू रिसर्च सेंटर का यह अध्ययन साल 2020 से 2070 के बीच दुनिया के प्रमुख धर्मों की आबादी और उनकी संरचना में होने वाले संभावित बदलावों पर आधारित है।
प्यू रिसर्च सेंटर के मुताबिक, पिछले कुछ दशकों में भारत की कुल प्रजनन दर में तेजी से गिरावट आई है। इसके बावजूद मुस्लिम महिलाओं के औसतन बच्चों की संख्या हिंदू महिलाओं से अधिक है। इसके अलावा भारत में मुस्लिम आबादी का आयु वर्ग भी अपेक्षाकृत युवा है। इन दोनों कारणों से आने वाले दशकों में देश की आबादी में मुस्लिमों का अनुपात बढ़ने और हिंदुओं की हिस्सेदारी में मामूली कमी आने का अनुमान है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2020 में भारत में करीब 1.1 अरब हिंदू थे। यह दुनिया की कुल हिंदू आबादी का लगभग 95 प्रतिशत हिस्सा था। हिंदू आबादी के मामले में भारत के बाद नेपाल का स्थान था, जहां करीब 2.4 करोड़ हिंदू रहते थे। इसके बाद बांग्लादेश में 1.3 करोड़, पाकिस्तान में 50 लाख और इंडोनेशिया में 40 लाख हिंदू थे।
पाकिस्तान में भी हिंदुओं की आबादी में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वहां हिंदुओं की संख्या 2020 के मुकाबले दोगुनी होकर 2070 तक 1 करोड़ पहुंच सकती है। इसके बावजूद वैश्विक सूची में पाकिस्तान का चौथा स्थान बरकरार रहने की उम्मीद है।
दुनिया के करीब 99 प्रतिशत हिंदू एशिया-प्रशांत क्षेत्र में रहते हैं। ऐसे में अगले पांच दशकों में वैश्विक हिंदू आबादी में होने वाली अधिकांश बढ़ोतरी इसी क्षेत्र में होने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, 2020 से 2070 के बीच इस क्षेत्र में हिंदुओं की संख्या करीब 19.1 करोड़ बढ़ सकती है।
इस क्षेत्र की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी भी बढ़ने का अनुमान है। साल 2020 में जहां यहां 26 प्रतिशत आबादी हिंदू थी, वहीं 2070 तक यह आंकड़ा बढ़कर 28 प्रतिशत हो सकता है।
उत्तरी अमेरिका में भी हिंदुओं की आबादी दोगुने से ज्यादा होने का अनुमान है। 2020 में यहां करीब 40 लाख हिंदू थे, जिनकी संख्या 2070 तक बढ़कर 90 लाख हो सकती है। इस क्षेत्र की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 1 प्रतिशत से बढ़कर 2 प्रतिशत होने का अनुमान है। वहीं, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन ऐसे क्षेत्र होंगे, जहां हिंदुओं की कुल संख्या में गिरावट आने की संभावना है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हिंदू परिवारों में पले-बढ़े करीब 99 प्रतिशत लोग वयस्क होने के बाद भी खुद को हिंदू ही मानते हैं। हालांकि, धर्म परिवर्तन के कारण 2020 से 2070 के बीच वैश्विक हिंदू आबादी में करीब 10 लाख लोगों की कमी आने का अनुमान है। इनमें से ज्यादातर कमी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में होने की संभावना है।
प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट में वैश्विक धार्मिक आबादी को लेकर एक और बड़ा अनुमान लगाया गया है। इसके मुताबिक, मुस्लिम आबादी की तेज वृद्धि के कारण इस्लाम 2035 तक दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है और ईसाई धर्म को पीछे छोड़ सकता है।