

पीएम मोदी की ई-रिक्शा सवारी पर पाकिस्तानी यूजर्स ने किया दावा।
सोशल मीडिया पर वाहन को बताया गया मेड इन पाकिस्तान।
वीडियो में बजाज ऑटो का लोगो दिखने से खुली दावे की पोल।
बजाज ऑटो 2015 से फिलीपींस के बाजार में मौजूद है।
PM Modi Manila E-Rickshaw: पाकिस्तान आतंकवाद का पोषक है यह बात अब कोई खबर नहीं रह गई है। लेकिन अब पाकिस्तानियों ने सोशल मीडिया पर भारतीय उपलब्धियों पर अपना दावा ठोकना शुरू कर दिया है। ताजा मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मनीला यात्रा से जुड़ा हुआ है। सोशल मीडिया पर कुछ पाकिस्तानी यूजर्स ने पीएम मोदी की एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने 'मेड इन पाकिस्तान' ई-रिक्शा की सवारी की।
पाकिस्तानियों का दावा तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि कुछ देर बाद ही पाकिस्तानियों के दावे की पोल खुल गई और पता चला कि वो जिस ई-रिक्शा को मेड इन पाकिस्तान होने का दावा कर रहे थे वह भारतीय थी। जिसे भारत की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी बजाज ऑटो ने बनाया था।
मंगलवार को मनीला में आयोजित गाला डिनर में शामिल होने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत दुनिया के कई बड़े नेता खास तौर पर सजाए गए तिपहिया वाहनों में सवार होकर पहुंचे। इन वाहनों को फिलीपींस की मशहूर 'जीपनी' (Jeepney) से प्रेरित कलाकृतियों और रंग-बिरंगे डिजाइनों से सजाया गया था। इनका इंतजाम आसियान शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहे फिलीपींस ने किया था। वहां सार्वजनिक परिवहन के साधनों पर इस तरह की कलाकारी आम तौर पर देखने को मिलती है।
पीएम मोदी के इन सजे हुए तिपहिया वाहनों में सफर करने के वीडियो सामने आने के बाद कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स ने इसे पाकिस्तान में निर्मित वाहन बताना शुरू कर दिया। लाहौर के पत्रकार हम्माद हसन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, नरेंद्र मोदी ने आसियान शिखर सम्मेलन में पाकिस्तान में बने ई-रिक्शे की सवारी की। इसके बाद कई अन्य पाकिस्तानी हैंडल्स ने भी इसी दावे को साझा करना शुरू कर दिया।
पाकिस्तानी सोशल मीडिया यूजर्स के इस दावे का आधार उनकी ऑटोमोबाइल कंपनी साजगार थी। दरअसल, पिछले महीने तिपहिया वाहन बनाने वाली इस पाकिस्तानी कंपनी ने फिलीपींस के लगुना में अपनी पहली विदेशी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट शुरू की थी। कंपनी ने दक्षिण-पूर्व एशिया में अपने कारोबार का विस्तार करने की योजना के तहत यह कदम उठाया था।
हालांकि, ASEAN Summit के दौरान विश्व नेताओं को लाने-ले जाने के लिए जिन तिपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया गया, वे पाकिस्तान में नहीं बल्कि भारत में बने थे। इन वाहनों का निर्माण बजाज ऑटो ने किया था। इसका सबसे बड़ा सबूत उन वाहनों के क्लोज-अप वीडियो में दिखाई दिया, जिनमें उनके डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर पर बजाज का लोगो साफ नजर आ रहा था।
जैसे ही पाकिस्तानी हैंडल्स ने एक्स पर इस दावे को फैलाना शुरू किया, भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें जमकर जवाब दिया। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, सोचिए, कोई भारत की उपलब्धियों को अपना बताने के लिए कितना बेताब हो सकता है कि वह एक थ्री-व्हीलर को भी अपना बता दे। भारत निर्माण करता है और पाकिस्तान गलत पहचान बताता है। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, बजाज ऑटो: मेड इन इंडिया, और इसने पूरे पाकिस्तान की जमकर खिंचाई कर दी।
बजाज ऑटो ने साल 2015 में फिलीपींस के बाजार में प्रवेश किया था। इसके बाद से कंपनी वहां के थ्री-व्हीलर बाजार में अपनी पहचान बना चुकी है। फिलीपींस में बजाज की कई असेंबली यूनिट्स मौजूद हैं और कंपनी का डीलर नेटवर्क भी काफी बड़ा है। बजाज ऑटो अपने वाहनों का निर्यात दुनिया के 70 से ज्यादा देशों में करती है।