CM Joseph Vijay: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद जोसेफ विजय एक्शन मोड में आ गए है। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे उन्हें बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए उचित समय दें। CM जोसेफ़ विजय का कहना है कि वे राज्य के वित्त पर एक 'श्वेत पत्र' (White Paper) जारी करने, पारदर्शिता बनाए रखने और आगे बढ़ने पर विचार कर रहे हैं।
CM जोसेफ़ विजय ने पिछली DMK सरकार पर राज्य को 10 लाख करोड़ रुपये के कर्ज़ के 'बोझ' तले दबाने का आरोप लगाया है। विजय ने जनता से वादा किया और कहा कि वे झूठे वादों से लोगों को धोखा नहीं देंगे।
TVK प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने बताया कि तमिलनाडु पर लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज़ है। प्रशासन में आने के बाद ही कोई व्यक्ति असल स्थिति और हमारे सामने मौजूद चुनौतियों को सही मायने में समझ सकता है। लेकिन मैं ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के साथ तमिलनाडु को आगे ले जाना चाहता हूं। सीएम विजय ने कहा कि मैं इस राज्य की हर महिला को यह भरोसा दिलाता हूं कि उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, और महिलाओं को निशाना बनाने वाले अपराधों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। नशे की चपेट में आए लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। हम उन्हें बचाने और उनके पुनर्वास के लिए काम करेंगे, ताकि एक स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने इस पल को भावुक बताया। उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता कि इस भावुक पल में शुरुआत कैसे करूं या क्या कहूं। मैं किसी राजघराने से नहीं आया हूं। मैं आप ही के बीच से आया हूं। आपके परिवार के एक सदस्य की तरह, आपके भाई की तरह। आपने मुझे प्यार से अपनाया और सिनेमा जगत में मुझे एक बेहतरीन मुकाम दिया।
यह भी पढ़ें - तमिलनाडु में TVK सरकार का हुआ आगाज, विजय थलापति समेत 9 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
मैं भगवान का कोई दूत नहीं हूं। मैं बस एक आम इंसान हूं। लेकिन जब लोग मेरे साथ मिलकर खड़े होते हैं, तो मुझे विश्वास है कि हम कुछ भी हासिल कर सकते हैं और हर चुनौती का मिलकर सामना कर सकते हैं, चाहे वह कोई भी हो।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा आप सभी ने मुझसे राजनीति में आने को कहा था, यह कहते हुए कि 'हम आपके साथ हैं,' और आज आपने मुझे तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बना दिया है। मैंने जिस भी दर्द और रुकावट का सामना किया, आपने उसे अपना ही दर्द समझा और इस पूरी यात्रा में मेरे साथ खड़े रहे।