

TVK Vijay Oath Ceremony: तमिलनाडु में सत्ता को लेकर चल रही खींचतान आखिरकार खत्म हो गई है। तमिलगा वेत्त्री कज़गम (TVK) प्रमुख और अभिनेता विजय आज (10 मई 2026) को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 4 मई को आए विधानसभा चुनाव में त्रिशंकु परिणामों के बाद राज्य में सरकार बनाने को लेकर काफी राजनीतिक हलचल देखने को मिली।
विजय आज सुबह करीब 10:30 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगें। चुनाव परिणाम आने के बाद विजय की पार्टी 108 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टीं बनकर उभरी थी। हालांकि, इसके बाद भी टीवीके बहुमत के 118 सीटों से 10 सीटों दूर थी। इसके अलावा विजय खुद दो सीटों से चुनाव लड़े थे। ऐसे में उन्हें अपनी एक सीट छोड़ना है। इसके चलते TVK की संख्या 107 हो जाएगी और उन्हें बहुमत के लिए 11 विधायकों का साथ चाहिए था।
इस पूरे राजनीतिक खींचतान के बीच विजय की 2019 में आई फिल्म बिगिल की काफी चर्चा हुई। इस फिल्म में विजय ने फुटबॉल कोच माइकल रायप्पन का किरदार निभाया था। फिल्म में वो 11 खिलाड़ियों की टीम को एकजुट करने के लिए संघर्ष करते नज़र आए थे। 4 मई को चुनावी परिणाम आने के बाद भी उन्हें 11 विधायक जुटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पांच दिनों तक चले राजनीतिक उठा-पटक के दौरान कई बार ऐसा लगा कि TVK जरूरी विधायकों का समर्थन नहीं जुटा पाएगी। हालांकि, कांग्रेस ने परिणाम आते ही अपने 5 विधायकों के समर्थन का ऐलान करके विजय का काम थोड़ा आसान कर दिया था। लेकिन इसके बाद भी TVK के लिए 8 विधायकों का समर्थन जुटाना आसान नहीं था। क्योंकि कांग्रेस ने समर्थन के साथ शर्त रखी थी कि गठबंधन से बीजेपी और अन्नाद्रमुक को दूर रखा जाए। टीवीते ने इसके बाद वाम दलों से गठबंधन को लेकर चर्चा शुरू की जिसमें उन्हें सफलता भी मिली। वाम दलों ने बिना किसी शर्त के बाहर से समर्थन देने का ऐलान किया। इसमें CPI के 2 और CPM के भी 2 विधायक हैं। अंतिम दो दिनों में VCK (2 सीटें) और IUML (2 सीटें) के समर्थन ने पासा पलट दिया। हालांकि, शुक्रवार को VCK द्वारा पहले समर्थन का ट्विट करने और फिर डिलीट करने मामले को एक और बड़ा ट्विस्ट देने की कोशिश की लेकिन अंत में फिल्मी स्टोरी तरह सब ठीक हो गया। शनिवार को दोनों पार्टियों ने लिखत रूप से TVK को समर्थन दे दिया।
बहुमत हासिल होते ही विजय तुंरत राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलने राजभवन पहुंचे। यह पिछले 4 दिनों में राज्यपाल से विजय की चौथी मुलाकात थी। इससे पहले भी वो तीन बार राज्यपाल से मिलने गए थे जहां उन्हें सरकार बनाने का दावा भी किया था। लेकिन हर बार राज्यपाल ने बहुमत के आंकड़े को लेकर विजय के दावे को ठुकरा दिया था।
दिलचस्प बात ये है कि शनिवार को राज्यपाल आर्लेकर केरल जाने वाले थे और शाम 7:10 बजे उनकी फ्लाइट भी थी। अगर सरकार बनने को लेकर फैसला शनिवार रात तक नहीं होता तो रविवार से तमिलनाडु में राष्ट्रपति शासन लागू हो जाता। हालांकि, अचानक हुए राजनीतिक बदलाव को देखते हुए राज्यपाल को अपनी फ्लाइट छोड़नी पड़ी और उन्होंने विजय से राजभवन में न सिर्फ मुकालत की बल्कि सरकार बनाने के उनके दावे को स्वीकार भी किया।