Who is Best Prime Minister of India: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने देश के अब तक के सबसे बेहतरीन प्रधानमंत्री के सवाल पर पंडित जवाहरलाल नेहरू का नाम लिया। उनके जवाब से सीजेपी नेता आशुतोष रांका और सौरव दास भी सहमत नजर आए। तीनों नेता न्यूज़ 24 के एक कार्यक्रम में बातचीत कर रहे थे।
दीपके ने नेहरू को देश का अब तक का सबसे 'कूलेस्ट' प्रधानमंत्री भी बताया। उन्होंने कहा कि नेहरू को देश के सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्रियों में गिना जाना चाहिए।
जब उनसे देश के सबसे अच्छे मुख्यमंत्रियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नाम लिए।
दीपके के मुताबिक, एमके स्टालिन ने तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था को बेहतर करने के लिए काम किया। वहीं, उन्होंने पिनाराई विजयन के कार्यकाल में केरल के हेल्थ मॉडल की तारीफ की।
अरविंद केजरीवाल का नाम लेते हुए दीपके ने कहा कि दिल्ली में उनकी सरकार के दौरान स्कूल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अच्छा काम हुआ।
गौरतलब है कि सीजेपी ने 5 सितंबर को दिल्ली में शांतिपूर्ण मार्च निकालने का ऐलान किया है। यह तारीख शिक्षक दिवस के रूप में मनाई जाती है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार ने 25 जुलाई को युवाओं से किए गए वादों को पूरा नहीं किया।
सीजेपी के मुताबिक, मार्च इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक निकाला जाएगा। पार्टी ने दावा किया है कि इसमें देशभर से छात्र, युवा संगठन और युवा नागरिक शामिल होंगे।
CJP के सह संयोजक सौरव दास के मुताबिक, मार्च में उन परिवारों को आगे रखा जाएगा, जिनके बच्चे NEET परीक्षा से जुड़े मामलों में जान गंवा चुके हैं। इसके अलावा पुलिस कार्रवाई में कथित तौर पर प्रभावित लोगों के परिवार भी मार्च का नेतृत्व करेंगे।