दुर्घटनाग्रस्त विमान AI-171  (सोर्स- सोशल मीडिया)
देश

Ahmedabad Plane Crash की जांच में कितना काम बाकी? सुप्रीम कोर्ट को केंद्र ने दिया जवाब, जानें क्या कहा?

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे की जांच अंतिम चरण में है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को रिपोर्ट पूरी करने के लिए दो सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया है।

अक्षय साहू

Highlights:

  • अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे की जांच लगभग पूरी हो चुकी है।

  • सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को जांच पूरी करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया।

  • AAIB ने हादसे की स्वतंत्र और समानांतर जांच की मांग का विरोध किया।

  • अंतिम रिपोर्ट जारी करने से पहले जांच का मसौदा अमेरिकी NTSB के साथ साझा किया जाएगा।

Ahmedabad Air India plane Crash Probe: अहमदाबाद में 12 जून 2025 को हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। केंद्र सरकार ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि जांच लगभग पूरी हो चुकी है और कुछ औपचारिकताएं बाकी हैं। सरकार की दलील सुनने के बाद शीर्ष अदालत ने जांच पूरी करने के लिए दो सप्ताह का अतिरिक्त समय दे दिया। इस दुर्घटना में कुल 260 लोगों की जान चली गई थी।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ हादसे की स्वतंत्र जांच और अदालत की निगरानी में जांच कराने की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। इनमें दुर्घटनाग्रस्त विमान AI-171 के पायलट-इन-कमांड दिवंगत कैप्टन सुमित सभरवाल के पिता की ओर से दाखिल याचिका भी शामिल है।

जांच पूरी करने के लिए केंद्र ने मांगा अतिरिक्त समय 

केंद्र सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने जांच की बाकी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए दो से तीन सप्ताह का समय मांगा। उन्होंने अदालत को बताया कि जांच अपने अंतिम पड़ाव पर है और इसे पूरा करने के लिए कुछ अतिरिक्त समय की आवश्यकता है।

तुषार मेहता ने कहा कि जांच अंतिम चरण में चल रही है और इसमें हुई देरी जानबूझकर नहीं की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि विमान दुर्घटनाओं की जांच में अंतरराष्ट्रीय मानकों और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी होता है। हालांकि, याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील प्रशांत भूषण ने केंद्र सरकार की अतिरिक्त समय मांगने वाली दलील का विरोध किया।

सुप्रीम कोर्ट ने जांच के लिए दो सप्ताह की मोहलत दी

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को जांच पूरी करने के लिए दो सप्ताह की मोहलत दी। अदालत ने मामले से संबंधित याचिकाओं को भी दो सप्ताह बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया।

स्वतंत्र जांच की मांग का AAIB ने किया विरोध 

इससे पहले एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर हादसे की समानांतर जांच या अदालत की निगरानी में अलग जांच कराने की मांग का विरोध किया था। जांच एजेंसी का कहना था कि दुर्घटना की जांच एक व्यापक कानूनी व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित मानकों के अनुसार की जा रही है।

एएआईबी ने अदालत को जानकारी दी थी कि अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के अनुबंध-13 के तहत कुल 66 अनिवार्य जांच प्रक्रियाएं निर्धारित हैं, जिनमें से 49 प्रक्रियाएं पूरी की जा चुकी हैं। एक इंजन मॉनिटरिंग यूनिट से मिले डेटा का विश्लेषण बाकी था, जबकि अन्य तकनीकी परीक्षण पूरे हो चुके थे।

अंतिम रिपोर्ट से पहले NTSB को भेजा जाएगा मसौदा

जांच एजेंसी ने यह भी बताया था कि अंतिम जांच और रिपोर्ट तैयार करने के लिए छह विशेषज्ञ समूह काम कर रहे हैं। अंतिम रिपोर्ट को पूरा करने और सार्वजनिक करने से पहले उसका मसौदा अमेरिकी राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) के साथ साझा किया जाना जरूरी है, ताकि बोर्ड अपनी टिप्पणियां दे सके।

लंदन जा रहा विमान हुआ था दुर्घटनाग्रस्त

12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान हादसे का शिकार हो गया। इस दुर्घटना में विमान में सवार 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों समेत कुल 260 लोगों की मौत हुई थी। इसके अलावा जमीन पर मौजूद 19 लोगों की भी जान चली गई थी।

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले केंद्र सरकार को जांच की स्थिति से जुड़ी जानकारी अदालत के रिकॉर्ड पर रखने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया था। उस सुनवाई के दौरान केंद्र की ओर से बताया गया था कि दुर्घटना की जांच अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और विमान के कुछ हिस्सों को विशेष तकनीकी परीक्षण के लिए विदेश भेजा गया है। -एजेंसी इनपुट के साथ

मुंबई में केट मिडलटन का रॉयल रेड अवतार! आखिरी दिन ब्रिटिश डिजाइनर की ड्रेस में ढाया कहर

पाकिस्तान से बातचीत पर राहुल गांधी का बड़ा बयान, आतंकवाद बंद होने तक कोई चर्चा संभव नहीं; BJP पर भी बोला हमला

Cyclone Akvan: कितने बजे और कहां तट से टकराएगा भीषण चक्रवाती तूफान 'अक्वान'? इन इलाकों में मचाएगा तबाही

कपिल शर्मा के शो में दिखेंगे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी! पहली बार कोई मौजूदा कैबिनेट मंत्री बनेगा मेहमान

वीजा-फ्री एंट्री खत्म, फीस भी नहीं होगी वापस; मलेशिया जाने वाले भारतीय यात्रियों के लिए क्या बदलेगा?