आज की ताजा खबर: देशभर के लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव करते हुए साल 2026 से दो बार परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया है। इसका मकसद छात्रों को अपना आत्मविश्वास बढ़ाने और परीक्षा में अपने अंक बेहतर करने का एक अतिरिक्त अवसर देना है।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद इमरजेंसी को याद करते हुए कहा कि देश में आपातकाल लागू होने के बाद मुझे भी गिरफ्तार किया गया था। मुझे रात के करीब 3 बजे गिरफ्तार किया गया था...जब मैं जेल में था, तब मेरी मां का निधन हो गया था। एक बार वह मुझसे मिलने जेल आई थीं, तब फैजाबाद के जेलर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया था। उस समय मेरी मां ने कहा था, 'यह राज ज्यादा दिन नहीं चलेगा। हमारा बेटा अच्छे काम के लिए, देश के हित के लिए जेल में बंद है। उसे सरकार की ताकत के खिलाफ जेल में बंद किया गया है। यह राज खत्म होगा और हमारा बेटा रिहा होकर लोगों की सोच सुधारेगा।' यह बात सच निकली।
ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से निकाले गए एक भारतीय नागरिकों का एक और जत्था बुधवार को दिल्ली पहुंचा। यहां पहुंचे एक नागरिक ने कहा, "यहां स्थिति बहुत अच्छी है। हम सुरक्षित रूप से यहां लाए गए हैं। और अब तक कई लोग आ रहे हैं।"
भारतीय निर्वाचन आयोग ने प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज को सिंबल दे दिया है। चुनाव आयोग की तरफ से पीके की पार्टी को स्कूल बैग चुनाव चिन्ह दिया गया है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनसुराज के सभी 243 प्रत्याशी इसी चुनाव चिन्ह को लेकर चुनावी रण में उतरेंगे।
आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब बीजेपी की गोद में बैठ चुकी है। कांग्रेस की टॉप लीडरशिप ने खुद ही अपनी पार्टी को कमज़ोर किया है। जब कांग्रेस कार्यकर्ता देखते हैं कि उनके नेता बीजेपी से हाथ मिला रहे हैं, तो वे खुद को ठगा सा महसूस करते हैं।
पटना में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "हम काम करने वाले लोग हैं। हमने अपनी 17 महीने की सरकार में आरक्षण की सीमा बढ़ाई और जाति आधारित जनगणना कराई। जब हमने 65% आरक्षण लागू किया, तो इन्हीं भाजपा वालों ने आरक्षण को रोक दिया और इसे कोर्ट में ले गए। अभी भी नीतीश कुमार चुप्पी साधे हुए हैं। अब हमारे चाचा नीतीश कुमार बेहोशी की हालत में हैं. उनसे बिहार नहीं संभल रहा है।
हिमाचल प्रदेश में कुल्लू की सैंज घाटी में बादल फटने से जीवा नाला में अचानक पानी भर गया। पास की पिन पार्वती नदी भी उफान पर है। हालांकि इस घटना में किसी तरह के नुकसान या किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं मिली है।
सपा मुखिया ने एक बयान में कहा है कि "एक होती है घोषित और एक होती है अघोषित। अगर हम इमरजेंसी को याद कर रहे हैं तो इस समय जो इमरजेंसी चल रही है उसको भी ध्यान में रखना चाहिए।"
जम्मू-कश्मीर पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ सुरक्षा बलों ने अमरनाथ यात्रा 2025 से पहले पहलगाम के नुनवान बेस कैंप में मॉक ड्रिल का आयोजन किया।
पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के बड़े नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। मजीठिया के यहा बुधवार सुबह विजिलेंस की टीम छापेमारी के लिए पहुंची थी। सूबे में नशा तस्करी के मामले में तलाशी ली गई है।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष के रास्ते से पहला संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे कंधे पर मेरा तिरंगा है।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, भारतीय वायुसेना के अनुभवी टेस्ट पायलट, ऐक्सिओम मिशन-4 (Ax-4) के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए उड़ान भरी। यह भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है। इससे पहले 1984 में विंग कमांडर राकेश शर्मा ने सोवियत यूनियन के सोयूज़ टी-11 मिशन के तहत अंतरिक्ष में कदम रखा था।
भाजपा द्वारा 'संविधान हत्या दिवस' मनाए जाने पर कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई की चिंता इन्हें नहीं है। इसलिए आपातकाल-आपातकाल कर रहे हैं। विशेष परिस्थितियों में इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाया था, इसके बाद इंदिरा गांधी भी चुनाव हार गई। उसके बाद इंदिरा गांधी और सभी नेताओं ने कहा कि ये कदम सही नहीं था। आपातकाल लगाया अच्छे उद्देश्य के लिए लेकिन कई ऐसी चीजें हो गई कि जनता हमारे खिलाफ हो गई।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 25 जून 1975 लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय है। उस दिन को 50 साल बीत चुके हैं जब देश में लोकतंत्र की हत्या की गई थी। मुझे उन लोगों पर गुस्सा आता है और हंसी आती है जो लोकतंत्र की दुहाई देते हैं। आप कैसे भूल सकते हैं कि 25 जून 1975 को लाखों लोकतंत्र सेनानियों को जेल में डाल दिया गया था और बिना किसी गलती के उन्हें सज़ा दी गई थी, वे 21 महीने तक जेल में रहे।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने इमरजेंसी को लेकर कहा कि संविधान का पूरा सम्मान करते हुए इंदिरा गांधी ने उस समय आपातकाल लगाया था। लोकतंत्र में आपातकाल को संवैधानिक मान्यता प्राप्त है, इसलिए आप इसे 'संविधान हत्या दिवस' नहीं मान सकते। इंदिरा गांधी जोड़-तोड़ करके, पैसे का इस्तेमाल करके चुनाव जीत सकती थीं, लेकिन इंदिरा गांधी ने ऐसा नहीं किया। इंदिरा जी लोकतंत्र की 'चौकीदार' थीं। पिछले 11 सालों से देश में अघोषित आपातकाल है।"
उत्तराखंड के हल्द्वानी जिले में बड़ा हादसा हो गया है, जहां एक अनियंत्रित कार नहर में गिर गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचा प्रशासन रेस्क्यू में जुट गया है।
भारत इतिहास रचने से कुछ घंटे दूर है। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला बुधवार यानी आज इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए रवाना होंगे। वह आईएसएस का दौरा करने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे और राकेश शर्मा के 1984 के मिशन के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बन जाएंगे।
स्टार भारतीय जैवलिन खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने चेक गणराज्य में आयोजित ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक में स्वर्ण पदक जीता है। इंटरनेशनल जैवलिन टूर्नाटमेंट में देश का नाम रोशन किया है। नीरज ने तीसरे राउंड में 85.29 मीटर का थ्रो किया।
जींद में 2 परिवारों के बीच आपसी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें 64 वर्षीय रणधीर की मौत हो गई। इस विवाद का कारण मृतक रणधीर के बेटे के रिश्तेदार का दूसरे परिवार की लड़की के साथ 6 महीने पहले फरार होना बताया जा रहा है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।