'अंग्रेजों ने बनाई भाजपा...देश में अघोषित आपातकाल', अखिलेश का BJP पर करारा हमला

कन्नौज से सपा सांसद अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी और बीजेपी की विचारधारा को अंग्रेजों ने बनाया है।
'अंग्रेजों ने बनाई भाजपा...देश में अघोषित आपातकाल', अखिलेश का BJP पर करारा हमला
अखिलेश यादव (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

फर्रूखाबाद: समाजवादी पार्टी के मुखिया और कन्नौज से लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने अपने ताजा बयान में कहा है कि बीजेपी और बीजेपी की विचारधारा को अंग्रेजों ने बनाया है। साथ ही यह भी कहा कि देश में इस समय 'अघोषित' इमरजेंसी चल रही है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बुधवार को पार्टी नेता छोटे सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि "हमने एक ऐसा नेता खोया है जो संगठन और जमीनी चीजों को समझते थे, छोटे सिंह यादव की कमी समाजवादी आंदोलन में हमेशा दिखाई देगी।"

फर्रूखाबाद में क्या कुछ बोले अखिलेश

इसके बाद सपा सांसद इमरजेंसी को लेकर बातचीत करते हुए बीजेपी को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि "एक होती है घोषित और एक होती है अघोषित, अगर हम इमरजेंसी को याद कर रहे हैं तो इस समय जो इमरजेंसी चल रही है उसको भी ध्यान में रखना चाहिए।"

अखिलेश यादव यहीं नहीं रुके उन्होंने अंदाज को और तीखा करते हुए कहा कि "बीजेपी को और बीजेपी की विचारधारा को अंग्रेजों ने बनाया है।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का गठन इटावा से हुआ। अखिलेश यादव ने बताया कि कांग्रेस के संस्थापक ए ओ ह्यूम इटावा के जिलाधिकारी थे।

इस दौरान अखिलेश यादव ने इटावा में कथावाचक के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जिनके बाल काटे गए, जिनकी चुटिया काटी गई वो अपने भगवान की भगवद् गीता भी नहीं गा सकते। उन्होंने सवालिया अंदाज में यूपी की सीएम योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा और पूछा कि बताओ हनुमान और प्रभु श्रीराम की जाति किसने बताई?

आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने इटावा में कथावाचकों के साथ हुई मारपीट और अभद्रता का मुद्दा जोर शोर से उठाया था। इतना ही नहीं उन्होंने कथावाचकों को समाजवादी पार्टी के दफ्तर बुलाकर उनको हारमोनियम भी दी थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com