Yami Gautam Patna Sahib Gurudwara: बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम धर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'नई नवेली' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज से पहले यामी गौतम पटना पहुंचीं, जहां उन्होंने पटना साहिब गुरुद्वारे में माथा टेका और फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान एक्ट्रेस ने फैंस से भी मुलाकात की।
पटना पहुंचने पर यामी गौतम का फैंस ने जोरदार स्वागत किया। ढोल की थाप के बीच बड़ी संख्या में लोग उनकी एक झलक पाने के लिए जुटे। एक्ट्रेस ने भी फैंस का अभिवादन किया और अपनी फिल्म को लेकर उत्साह साझा किया। इसके बाद उन्होंने पटना साहिब गुरुद्वारे में कुछ समय शांति से बिताया। गुरुद्वारे में यामी ने सिर झुकाकर आभार जताया और फिल्म की रिलीज से पहले ईश्वर का आशीर्वाद लिया। इस दौरान यामी का सादगी भरा अंदाज भी देखने को मिला।
पटना में फैंस से बातचीत के दौरान यामी ने फिल्म के सेट पर अपने पहले दिन का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने फिल्म के गाने 'भाभी तबाही' की शूटिंग से जुड़ी यादें बताते हुए कहा कि शूटिंग के शुरुआती शेड्यूल में ही उन्हें डांस का एक खास चैलेंज मिल गया था। यामी गौतम के मुताबिक, उन्हें गाने में छह अलग-अलग डांस स्टाइल करने थे। इसमें जोशीले भांगड़ा स्टेप्स से लेकर मूनवॉक तक शामिल था। निर्देशक बालाजी मोहन ने पहले ही दिन उनसे मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह जो ठीक लगे करें, लेकिन थोड़ा मूनवॉक जरूर करें।
यामी ने बताया कि शुरुआत में यह उनके लिए हैरान करने वाला था, लेकिन चुनौती पूरी करने में उन्हें काफी मजा आया। फिल्म के ट्रेलर में एक नई दुल्हन की कहानी दिखाई गई है, जिसके आने से मेरठ के एक अशांत परिवार में खुशियां और शांति लौटती है। हालांकि, कहानी में तब मोड़ आता है जब उसके देवर को शक होने लगता है कि उसकी भाभी असल में एक 'डायन' है।
फिल्म को फैमिली कॉमेडी और फैंटेसी एडवेंचर के मिश्रण के तौर पर पेश किया गया है। 'नई नवेली' तमिल फिल्ममेकर बालाजी मोहन की बॉलीवुड में बतौर निर्देशक डेब्यू फिल्म है। हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने फिल्म की कहानी लिखी है, जबकि आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा इसके निर्माता हैं। फिल्म 16 अक्टूबर को दशहरा से पहले सिनेमाघरों में रिलीज होगी।