Sidharth Malhotra Tamannaah Bhatia The Vvaan Trailer: सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द वन' लंबे समय से चर्चा में है। फिल्म का टीजर पहले ही दर्शकों का ध्यान खींच चुका है और अब मेकर्स ने इसका ट्रेलर भी रिलीज कर दिया है। ट्रेलर में रहस्य, डर और आस्था का ऐसा मेल देखने को मिलता है, जो फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ाता है। फिल्म में बिहार के बिहटा स्थित वनदेवी मंदिर और छठ पर्व की झलक भी देखने को मिलेगी।
'द वन' के ट्रेलर की शुरुआत एक डरावनी चेतावनी से होती है। इसमें बताया जाता है कि अगर कोई रात के समय इस जंगल में प्रवेश करता है तो उसकी लाश तक नहीं मिलती। इसके बाद जंगल के रहस्यमयी और भयावह विजुअल्स कहानी को और दिलचस्प बनाते हैं। ट्रेलर में जंगल को सिर्फ एक जगह नहीं, बल्कि कहानी के अहम हिस्से के तौर पर दिखाया गया है।
ट्रेलर में सिद्धार्थ मल्होत्रा एक ऐसे व्यक्ति के किरदार में नजर आ रहे हैं, जिसे देवी और जंगल की शक्तियों पर विश्वास नहीं है। वह खुद को नास्तिक मानता है और शुरुआत में जंगल से जुड़ी मान्यताओं को महज अंधविश्वास समझता है। वहीं तमन्ना भाटिया उनकी पत्नी के किरदार में दिखाई देती हैं, जिन्हें देवी और इन धार्मिक मान्यताओं पर पूरा भरोसा है। कहानी में दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब सिद्धार्थ का किरदार धीरे-धीरे उन घटनाओं और शक्तियों को महसूस करने लगता है, जिन्हें वह पहले नकार रहा था। आखिरकार उसका नजरिया कैसे बदलता है और जंगल में छिपे रहस्य का सच क्या है।
'द वन' में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया पहली बार स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। फिल्म में दोनों के किरदारों की सोच एक-दूसरे से काफी अलग दिखाई गई है। यही अंतर कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता नजर आ रहा है। फिल्म में श्वेता तिवारी, सुनील ग्रोवर, मनीष पोल और अनुम सोनी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
फिल्म का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जबकि इसे TVF और एकता कपूर ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। 'द वन' 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर सामने आने के बाद अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज का इंतजार है, ताकि जंगल, वनदेवी और आस्था से जुड़े इस रहस्य की पूरी कहानी सामने आ सके।