The Revolutionaries Trailer: वेब सीरीज 'द रिवोल्यूशनरीज' का दमदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। निखिल आडवाणी के निर्देशन में बनी यह ऐतिहासिक ड्रामा सीरीज भारत के स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर आधारित है और सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। ट्रेलर में ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले क्रांतिकारियों की कहानी और उनके संघर्ष की झलक देखने को मिलती है। सीरीज का प्रीमियर जल्द ही प्राइम वीडियो पर होने वाला है।
ट्रेलर में चार क्रांतिकारियों की कहानी को प्रमुखता से दिखाया गया है। रास बिहारी बोस के किरदार में भुवन बाम, सचिंद्र नाथ सान्याल की भूमिका में रोहित सराफ, प्रतिभा लाहिड़ी के किरदार में प्रतिभा रांटा और बाघा जतिन के रूप में गुरफतेह पीरजादा नजर आ रहे हैं। चारों किरदार ब्रिटिश शासन के खिलाफ विद्रोह करते और देश की आजादी के लिए संघर्ष करते दिखाई देते हैं। वहीं, अभिनेता जेसन शाह खतरनाक जनरल डायर की भूमिका में नजर आएंगे।
‘द रिवोल्यूशनरीज’ का प्रीमियर 11 सितंबर को प्राइम वीडियो पर किया जाएगा। सीरीज को भारत में हिंदी भाषा में रिलीज किया जाएगा। इसके अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और बंगाली में इसके डब वर्जन भी उपलब्ध होंगे। दर्शकों के लिए अंग्रेजी समेत कई अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में सबटाइटल की सुविधा भी होगी। सीरीज को भारत के अलावा दुनिया भर के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम किया जाएगा। ऐसे में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की यह कहानी दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचने वाली है।
‘द रिवोल्यूशनरीज’ की कहानी लेखक संजीव सान्याल की चर्चित किताब ‘रिवोल्यूशनरीज: भारत को आज़ादी कैसे मिली, इसकी एक और कहानी’ पर आधारित है। सीरीज का निर्माण मोनिशा आडवाणी और मधु भोजवानी ने एम्मे एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है। इसकी पटकथा संयुक्ता चावला शेख, अक्षिता वधवाना, शोभित नारंग और रुत्वी मेहता ने लिखी है। सीरीज में इतिहास के उन क्रांतिकारी अध्यायों को पर्दे पर लाने की कोशिश की गई है, जिनमें देश की आजादी के लिए कई लोगों ने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया था।