The Great Indian Kapil Show Season 5 Episode: नेटफ्लिक्स के पॉपुलर कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के सीजन 5 में क्रिकेट की दुनिया के दो दिग्गज सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री खास मेहमान के तौर पर नजर आने वाले हैं। इस दौरान दोनों क्रिकेटर अपने करियर, ड्रेसिंग रूम के किस्सों और पुराने दौर की कई मजेदार यादों को दर्शकों के साथ साझा करेंगे। खास बात यह है कि रवि शास्त्री पहली बार इस शो का हिस्सा बनने जा रहे हैं।
शो के दौरान कपिल शर्मा वेस्टइंडीज की उस दौर की टीम की तस्वीरें सुनील गावस्कर को दिखाते हैं। इसके बाद वह उनसे सवाल करते हैं कि आखिर वह बिना हेलमेट के इतनी तेज गेंदबाजी का सामना कैसे कर लेते थे। उस दौर में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अपनी रफ्तार और खतरनाक बाउंसर के लिए दुनियाभर में मशहूर थे। इसके बावजूद गावस्कर बिना हेलमेट बल्लेबाजी करते थे।
इस सवाल पर नवजोत सिंह सिद्धू भी अपने पुराने दिनों का मजेदार किस्सा सुनाते हैं। वह बताते हैं कि उन्होंने अपने क्रिकेट भत्ते से एक बड़ा हेलमेट खरीदा था, जबकि गावस्कर करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाले गेंदबाजों का बिना हेलमेट सामना करते थे। सिद्धू मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि गावस्कर के अंदर भेजे में कुछ नहीं था। उनकी यह बात सुनकर शो में मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगते हैं।
एपिसोड में नवजोत सिंह सिद्धू अपने क्रिकेट करियर के शुरुआती दिनों को भी याद करते नजर आएंगे। उन्होंने बताया कि जब महज 18 साल की उम्र में भारतीय टीम में उनका चयन हुआ था, तब उन्हें तत्कालीन कप्तान रवि शास्त्री के साथ कमरा शेयर करना पड़ा था। सिद्धू बताते हैं कि जब भी वह अचानक कमरे में पहुंचते थे, रवि शास्त्री उन्हें बार-बार बाहर जाने के लिए कहते थे। सिद्धू का यह किस्सा भी शो में हंसी का माहौल बना देता है।
शो में सुनील गावस्कर अपने क्रिकेट करियर और संन्यास से जुड़ी वजह पर भी बात करते नजर आएंगे। वहीं एपिसोड में कॉमेडी का तड़का लगाने के लिए सुनील ग्रोवर भी खास अंदाज में दिखाई देंगे। वह कपिल देव के लुक में रवि शास्त्री के पीछे खड़े होकर मजेदार टिप्पणी करते हैं, जिससे माहौल और भी मनोरंजक हो जाता है।
द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 5 का यह खास क्रिकेट स्पेशल एपिसोड शनिवार रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा। सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री और नवजोत सिंह सिद्धू के पुराने क्रिकेट किस्सों के साथ दर्शकों को इस एपिसोड में जमकर कॉमेडी और नॉस्टैल्जिया देखने को मिलेगा।