

Ajay Devgn Film The Great Indian Kapil Show 5: कॉमेडियन और होस्ट कपिल शर्मा अपने पॉपुलर कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के पांचवें सीजन के साथ वापसी करने के लिए तैयार हैं। शो के नए सीजन को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। अब इसके प्रीमियर एपिसोड से जुड़ी जानकारी भी सामने आ गई है। खास बात यह है कि सीजन 5 की शुरुआत फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की स्टारकास्ट के साथ होने वाली है।
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो 5’ का पहला एपिसोड 26 सितंबर को रात 8 बजे स्ट्रीम होगा। प्रीमियर एपिसोड में अभिनेता अजय देवगन, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और जयदीप अहलावत नजर आएंगे। फिल्म के निर्देशक अभिषेक पाठक भी कपिल शर्मा के साथ बातचीत और मस्ती करते दिखाई देंगे। शो का प्रोमो भी सामने आ चुका है, जिसमें स्टारकास्ट के साथ कपिल शर्मा की मजेदार बातचीत देखने को मिल रही है।
अजय देवगन एक बार फिर कपिल शर्मा के शो में मेहमान बनकर पहुंचेंगे। इस दौरान वह ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी और फिल्म से जुड़े कई किस्से शेयर करते नजर आ सकते हैं। अजय देवगन इन दिनों ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म हिंदी ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी और आखिरी फिल्म बताई जा रही है और 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
प्रीमियर एपिसोड में जयदीप अहलावत भी अपने अलग अंदाज में नजर आएंगे। प्रोमो में उन्हें कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा के किरदार सोना और मोना 2.0 के साथ डांस करते देखा जा सकता है। वहीं, सुनील ग्रोवर अपने मजेदार अंदाज में अजय देवगन की मिमिक्री करते हुए नजर आएंगे। ऐसे में एपिसोड में एक्टिंग के साथ कॉमेडी का भी भरपूर तड़का देखने को मिलेगा।
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ करीब छह महीने के ब्रेक के बाद पांचवें सीजन के साथ वापसी कर रहा है। नए सीजन में कपिल शर्मा के साथ सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा और अर्चना पूरन सिंह जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। इस बार नवजोत सिंह सिद्धू भी शो का हिस्सा हैं। नए एपिसोड हर शनिवार रात 8 बजे स्ट्रीम किए जाएंगे।