Riteish Deshmukh Emotional Memories: संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले की यादें आज भी उनके चाहने वालों के दिलों में जिंदा हैं। हाल ही में रियलिटी शो इंडियन आइडल के आगामी एपिसोड में एक्टर रितेश देशमुख उन्हें याद करते हुए बेहद भावुक नजर आए। इस खास मौके पर रितेश देशमुख ने न सिर्फ उन्हें श्रद्धांजलि दी, बल्कि उनके साथ बिताए कई निजी और भावुक पलों को भी शेयर किया।
रितेश देशमुख ने बताया कि उनका और आशा भोसले का रिश्ता बेहद खास था। गायिका के साथ अपने रिश्ते पर बात करते हुए रितेश ने बताया कि जब भी वह मुझसे मिलती थीं, तो वह मेरे सिर पर एक मां की तरह हाथ फेरती थीं। वह अपने बच्चे की तरह दुलारती थीं। मैं उन्हें हमेशा 'आशा आई' कहकर पुकारता था और आज भी उन्हें इसी नाम से याद करता हूं।
एक्टर की बातों से साफ झलक रहा था कि आशा भोसले सिर्फ एक महान गायिका ही नहीं बल्कि एक स्नेहमयी व्यक्तित्व भी थीं, जिन्होंने अपने आसपास के लोगों को हमेशा प्यार और अपनापन दिया। उन्होंने बताया कि एक बार बातों बातों में उन्होंने मुझसे मराठी में पूछा था कि मुझे खाने में क्या पसंद है और अभी क्या खाना चाहिए। इसके बाद हम उनके घर गए, साथ बैठकर खाना खाया और घंटों बातें कीं।
एक्टर ने गायिका को अपना मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि जब भी मेरा कोई प्रोग्राम आता था या मैं टीवी पर नजर आता था, तो उनका फोन जरूर आता था। वह मुझसे बात करती थीं और मुझे ढेर सारा आशीर्वाद देती थीं। अपनी आगामी फिल्म, जो छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित है, जिसका जिक्र करते हुए रितेश की आंखें भर आईं।
रितेश देशमुख ने याद करते हुए कहा कि उन्होंने मुझे फोन किया था और मुझसे कहा था कि मैं तुम्हें आशीर्वाद देती हूं, तुम एक बहुत अच्छी फिल्म बनाओ। जब यह रिलीज होगी, तो मैं इसे जरूर देखूंगी। उन्होंने भारी मन से बताया कि फिल्म रिलीज होने से दो हफ्ते पहले उनके परिवार का फोन आया था कि आशा जी की बहुत इच्छा थी कि वह यह फिल्म देखें। उन्होंने बताया कि दुर्भाग्य से, 'आशा आई' इस फिल्म को देखने के लिए हमारे बीच नहीं रहीं। मैं उन्हें कई कारणों से बहुत याद करता हूं।