Ranbir Kapoor Career: फिल्म इंडस्ट्री के नामचीन कपूर खानदान में जन्म लेने के बाद भी बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाना रणबीर कपूर के लिए आसान नहीं था। फिल्मी बैकग्राउंड से होने के बावजूद उन्हें अपनी क्षमता साबित करने के लिए काफी पसीना बहाना पड़ा।
शुरुआत में असफलताएं झेलने और सेट पर कड़ी मेहनत करने के बाद आज वह भारतीय सिनेमा के सबसे सफल एक्टर्स में गिने जाते हैं। उनके जन्मदिन के इस खास मौके पर आइए जानते हैं कि एक आम असिसटेंट डायरेक्टर से लेकर सुपरस्टार बनने तक का उनका सफर कैसा रहा।
मुंबई में अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद रणबीर कपूर ने न्यूयॉर्क जाकर एक्टिंग और फिल्म मेकिंग की बारीकियां सीखीं। भारत लौटने पर उन्होंने बॉलीवुड के दिग्गज डायरेक्टर संजय लीला भंसाली के साथ काम करना शुरू किया।
साल 2005 में आई फिल्म ब्लैक के दौरान उन्होंने एक असिसटेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया। उस दौरान सेट पर उनसे फ्लोर साफ कराने से लेकर कई छोटे-बड़े काम कराए गए। काम में गलती होने पर उन्हें डायरेक्टर से डांट और थप्पड़ भी सहने पड़े। हालांकि रणबीर कपूर हमेशा इस अनुभव को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा सीख मानते हैं।
असिसटेंट डायरेक्टर के रूप में उनकी मेहनत को देखकर संजय लीला भंसाली ने उन्हें साल 2007 में अपनी फिल्म सावरिया से बतौर मुख्य अभिनेता लॉन्च किया। हालांकि यह फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों को आकर्षित करने में नाकाम रही और बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई। इसके बाद भी समीक्षकों और दर्शकों ने उनकी एक्टिंग क्षमता की काफी तारीफ की।
इस फिल्म में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड दिया गया। पहली ही फिल्म से उन्होंने साबित कर दिया था कि उनमें एक बड़ा कलाकार बनने का हुनर मौजूद है।
शुरुआती झटका लगने के बाद रणबीर कपूर ने हार नहीं मानी और अपनी अगली फिल्मों के सलेक्ट में काफी सतर्कता बरती। साल 2008 में आई फिल्म बचना ऐ हसीनो ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद 2009 में आई वेक अप सिड और अजब प्रेम की गजब कहानी जैसी फिल्मों ने उन्हें युवाओं के बीच बेहद पॉपुलर बना दिया।
बहुकलाकार फिल्म राजनीति में उनके गंभीर एक्टिंग को भी दर्शकों ने काफी सराहा। इसके बाद बर्फी और यह जवानी है दीवानी जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड के टॉप कलाकारों की कतार में खड़ा कर दिया।
हर बड़े कलाकार के करियर में उतार-चढ़ाव आते हैं और रणबीर कपूर का करियर भी इससे अछूता नहीं रहा। रॉय और बॉम्बे वेलवेट जैसी फिल्मों के फ्लॉप होने से उनके करियर पर सवाल उठने लगे थे। हालांकि उन्होंने साल 2018 में आई संजय दत्त की बायोग्राफिकल फिल्म संजू से धमाकेदार वापसी की।
इसके बाद साल 2023 में आई फिल्म एनिमल ने कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए। अपने हर किरदार में पूरी तरह ढल जाने की उनकी कला ने उन्हें आज के दौर का असली सुपरस्टार बना दिया है। आने वाले समय में वह लव एंड वॉर और फिल्म रामायण में नजर आने वाले हैं।