मुंबई: चंद्रचूड़ सिंह इस समय बॉलीवुड से दूर हैं, लेकिन एक समय था कि उन्हें बॉलीवुड में लंबी रेस का घोड़ा समझा जाने लगा था। करियर के शुरुआती दौर में ही उन्होंने अच्छी खासी शोहरत हासिल कर ली थी। चंद्रचूड़ सिंह प्रीति जिंटा के साथ फिल्म क्या कहना में नजर आए थे और उन्होंने दिल छू लेने वाली भूमिका उस फिल्म में निभाई थी। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि उन्हें वह फिल्म छोड़ने के लिए कहा गया था। पहले तो वह राजी हो गए और इस फिल्म के लिए सलमान खान को लाया जा रहा था, लेकिन चंद्रचूड़ ने बाद में फिल्म छोड़ने से इनकार कर दिया। निर्माता रमेश तौरानी ने फिल्म से जुड़ा दिलचस्प किस्सा शेयर किया है।
फिल्म निर्माता रमेश तौरानी ने रेडियो नशा को दिए गए इंटरव्यू में बताया कि फिल्म को लेकर एक पॉइंट ऐसा आ गया था कि चंद्रचूड़ से फिल्म को छोड़ने की हमने रिक्वेस्ट की, ताकि सलमान खान को फिल्म के लिए साइन किया जा सके। क्योंकि यह फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर के पास नहीं बिक रही थी। फिल्म में कई नए कलाकार थे। उसकी वजह से फिल्म के बिकने में समस्या पैदा हो रही थी। सलमान खान का नाम जुड़ने के बाद यह फिल्म आसानी से बिक जाती। चंद्रचूड़ ने पहले तो फिल्म छोड़ने के लिए हां कर दी। लेकिन बाद में वह मुकर गए और उन्होंने फिल्म छोड़ने से मना कर दिया।
ये भी पढ़ें- बॉलीवुड एक्ट्रेस को टक्कर देती हैं गीतू मोहनदास, यश की टॉक्सिक के डायरेक्टर की हो रही है चर्चा
रमेश तौरानी ने बताया कि सलमान खान ने बिना फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़े ही फिल्म के लिए हां कर दी थी और सलमान खान ने यह भी बताया कि उन्हें स्क्रिप्ट नहीं पढ़नी है। रमेश तौरानी बोल रहे हैं इसलिए वह फिल्म वह कर लेंगे। लेकिन सलमान खान ने यह शर्त भी रखी थी कि इसके लिए पहले चंद्रचूड़ की रजामंदी लेना बहुत जरूरी है। क्योंकि वह किसी की भी चीज को अपना बनाना नहीं चाहते हैं। हालांकि चंद्रचूड़ ने जब फिल्म छोड़ने से इनकार कर दिया तो सलमान खान ने भी अपना कदम पीछे हटा लिए। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि चंद्रचूड़ की छोड़ी हुई फिल्म करने के लिए सलमान खान एक वक्त राजी हुए थे। हालांकि वैसा कुछ भी नहीं हुआ और उस फिल्म में चंद्रचूड़ ही नजर आए और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता भी हासिल की थी।