Satluj Movie OTT Release: फेमस एक्टर और सिंगर दिलजीत दोसांझ की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'सतलुज' बिना किसी शोर-शराबे, बड़े प्रमोशन या विज्ञापनों के सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर स्ट्रीम कर दी गई है। रिलीज होते ही फिल्म 'सतलुज' ने सोशल मीडिया पर एक नई हलचल पैदा कर दी है। दर्शक इस कहानी को देखकर न सिर्फ भावुक हो रहे हैं, बल्कि फिल्म के कलाकारों के शानदार एक्टिंग की जमकर सराहना भी कर रहे हैं।
लंबे समय से इस प्रोजेक्ट का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह एक बड़ा सरप्राइज साबित हुआ है। फिल्म 'सतलुज' का सफर आसान नहीं रहा है और इसे दर्शकों तक पहुंचने के लिए एक लंबा रास्ता तय करना पड़ा है। बतादें कि पहले इस फिल्म का नाम 'पंजाब 95' रखा गया था। खबरों के अनुसार सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन यानी सेंसर बोर्ड ने इसकी सिनेमाघरों में रिलीज के लिए करीब 120 से ज्यादा कट लगाने का सुझाव दिया था।
फिल्म मेकर फिल्म 'सतलुज' की कहानी की मूल आत्मा और उसके उद्देश्य से कोई समझौता नहीं करना चाहते थे। तमाम कानूनी अड़चनों और चुनौतियों के बावजूद डायरेक्टर हनी त्रेहान अपनी बात पर अड़े रहे। आखिरकार उन्होंने फिल्म के मूल संदेश को बिना नुकसान पहुंचाए इसे ओटीटी पर उसी रूप में पेश किया जैसा उन्होंने सोचा था।
फिल्म 'सतलुज' की कहानी पंजाब के इतिहास के एक बेहद संवेदनशील और अशांत दौर से जुड़ी हुई है। यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता शहीद जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन और उनके संघर्षों पर आधारित एक बायोपिक है। फिल्म का नाम 'सतलुज' अविभाजित पंजाब की 5 मुख्य नदियों में से एक के नाम पर रखा गया है, जो इस मिट्टी की पहचान है।
फिल्म 'सतलुज' की कहानी में नब्बे के दशक के दौरान हुए एक्स्ट्रा-ज्यूडिशियल एनकाउंटर यानी गैर-कानूनी तरीके से की गई हत्याओं के गंभीर मुद्दे को उठाया गया है।
जैसे ही यह फिल्म 'सतलुज' ओटीटी पर उपलब्ध हुई, इंटरनेट यूजर्स ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रियाएं शेयर करना शुरू कर दिया। फिल्म देखने वाले लोगों का कहना है कि यह कहानी दर्शकों को अंदर तक झकझोर देती है और कुछ पलों के लिए सुन्न कर देती है।
सोशल मीडिया पर लोग इसे रोंगटे खड़े कर देने वाला सिनेमा बता रहे हैं। फिल्म 'सतलुज' की कसी हुई पटकथा और स्क्रीनप्ले दर्शकों को शुरुआत से लेकर अंत तक बांधे रखता है।
ये भी पढ़ें: आमिर खान की शादी को मिला कुदरत का आशीर्वाद, बारिश ने बढ़ाई खुशी, गौरी स्प्रैट के नाम होगी एक्टर की जिंदगी
फिल्म 'सतलुज' की सफलता में इसके कलाकारों की एक्टिंग का बहुत बड़ा योगदान है। मुख्य भूमिका निभा रहे दिलजीत दोसांझ ने अपने करियर का सबसे दमदार और परिपक्व प्रदर्शन किया है। उनके बेहतरीन काम को देखकर दर्शकों का उनके प्रति सम्मान और ज्यादा बढ़ गया है।
फिल्म 'सतलुज' में दिलजीत के अलावा अर्जुन रामपाल और सुविंदर विक्की जैसे सधे हुए कलाकारों ने भी मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। पूरी स्टार कास्ट के शानदार काम और हनी त्रेहान के बेहतरीन डायरेक्शन ने मिलकर इस ऐतिहासिक जीवनी को स्क्रीन पर पूरी तरह जीवंत कर दिया है।