Bigg Boss 19 Grand Finale: सलमान खान के पॉपुलर रियलिटी शो बिग बॉस 19 अब अपने रोमांचक सफर के अंतिम पड़ाव पर है। इस सीजन ने दर्शकों को हंसी, रोना और रोमांच के कई बेहतरीन पल दिए। अब फाइनल की घड़ी आ चुकी है और टॉप-5 फाइनलिस्ट्स में से कोई एक विजेता बनेगा। फाइनल में जगह बनाने वाले कंटेस्टेंट्स हैं: गौरव खन्ना, तान्या मित्तल, प्रणीत मोरे, फरहाना भट्ट और अमाल मलिक।
इन फाइनलिस्ट्स में सबसे ज्यादा नजरें अमाल मलिक पर टिकी हुई हैं। अमाल का जन्म 16 जून 1990 को मुंबई में हुआ। वे एक प्रतिष्ठित संगीत परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता डब्बू मलिक और दादा सरदार मलिक दोनों ही जाने-माने संगीतकार हैं। छोटे भाई अरमान मलिक भी संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनके चाचा अनु मलिक भी बॉलीवुड में लंबे समय से सक्रिय हैं।
अमाल ने महज आठ साल की उम्र में पियानो सीखना शुरू किया और बाद में लंदन से वेस्टर्न क्लासिकल, जैज और रॉक म्यूजिक की ट्रेनिंग ली। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2014 में सलमान खान की फिल्म जय हो से की। इसके बाद उन्होंने कबीर सिंह, दे दे प्यार दे, साइना, भूल भुलैया 3, वेदा, बागी, एयरलिफ्ट जैसी हिट फिल्मों में संगीत दिया। उनके गाने जैसे कौन तुझे, मैं रहूं या ना रहूं, चले आना दर्शकों के दिलों में बस गए।
बिग बॉस 19 में अमाल की एंट्री ने घर में नई ऊर्जा पैदा की। शुरुआत में उनकी इमेज थोड़ी एरोगेंट और रूड नजर आई, जिससे कुछ कंटेस्टेंट्स के साथ उनके रिश्ते तनावपूर्ण रहे। लेकिन समय के साथ अमाल ने अपने व्यवहार में बदलाव किया, टास्क में पूरी मेहनत दिखाई और दूसरों के साथ सुलह की।
उनकी स्पष्ट और बेबाक राय ने उन्हें और भी चर्चित बनाया। नेपोटिज्म पर बहस के दौरान उनके बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने। बावजूद इसके, उनके आत्मविश्वास, खेल भावना और प्रतिभा ने उन्हें दर्शकों का पसंदीदा कंटेस्टेंट बना दिया।
हालांकि, अमाल मलिक इस सीजन की ट्रॉफी के सबसे मजबूत दावेदारों में से एक हैं और सोशल मीडिया पर उनके फैंस उन्हें विजेता मान रहे हैं। वहीं बस चंद घंटों में बिग बॉस 19 के ग्रैंड फिनाले की शुरुआत होने वाली है। ऐसे में देखना बेहद दिलचस्प होगा कि इस बार कौन विनर बनेगा।
(एजेंसी इनपुट के साथ)