Sunny Deol Bantwara 1947 Trailer: आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी फिल्म 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर आखिरकार दर्शकों के सामने आ गया है। इस फिल्म को लेकर लंबे समय से क्रेज बना हुआ था, जिसे इसके इमोशनल पोस्टर्स और टीजर्स ने और बढ़ा दिया था। ट्रेलर के सामने आते ही भारतीय सिनेमा के इतिहास के एक बेहद भावुक और दर्दनाक दौर की परतें खुलने लगी हैं।
देश के विभाजन की त्रासदी पर आधारित यह फिल्म केवल एक ऐतिहासिक घटना का ब्योरा नहीं है, बल्कि यह संकट की घड़ी में इंसानी जमीर और हौसले की परीक्षा की एक अनूठी गाथा प्रस्तुत करती है। ट्रेलर में 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि को बेहद सूक्ष्मता और संवेदनशीलता के साथ पिरोया गया है। यह कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी अचानक भड़की हिंसा, खौफ और विस्थापन के कारण पूरी तरह बदल जाती है।
फिल्म 'बंटवारा 1947' की स्टार कास्ट इस सिनेमाई यात्रा को और भी प्रभावशाली बनाती है। सनी देओल ट्रेलर में एक बेहद मजबूत और आत्मस्वाभिमानी इंसान के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो किसी भी स्थिति में अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटता।
दूसरी ओर, शबाना आजमी एक ऐसी बुजुर्ग महिला के किरदार में हैं, जिसकी परिपक्वता, सादगी और विचारों की स्पष्टता पूरी कहानी का आधार बनती है। वहीं, लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहीं प्रीति जिंटा एक ऐसी महिला के रूप में छाप छोड़ती हैं, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने परिवार को बिखरने से बचाने के लिए हर संभव कोशिश करती है।
विजुअल और संगीत के मामले में भी यह फिल्म काफी भव्य नजर आती है। इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि लगभग 30 साल के लंबे अंतराल के बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की ऐतिहासिक जोड़ी एक बार फिर किसी बड़े पर्दे के प्रोजेक्ट के लिए साथ आई है।
ये भी पढ़ें: इंडियाज गॉट लेटेंट का नया एपिसोड हुआ लीक? मुनव्वर फारूकी और राघव जुयाल की एंट्री से मचा बवाल
फिल्म का संगीत प्रसिद्ध संगीतकार ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं। आमिर खान और अपरणा पुरोहित द्वारा निर्मित इस फिल्म में करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। 'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।