Batwara 1947 Teaser: ‘मैं जीते जी मरना नहीं चाहता’, सनी देओल के दमदार एक्शन और इमोशन ने बढ़ाई फिल्म की चर्चा

Sunny Deol Film Batwara 1947: सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' का टीजर रिलीज हो गया है। टीजर में 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन का दर्द, सनी देओल का दमदार एक्शन और डायलॉग दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।
Sunny Deol Preity Zinta Shabana Azmi Ali Fazal Film Batwara 1947 Teaser
सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' का टीजर (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sunny Deol Film Batwara 1947 Teaser: सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी और अली फजल स्टारर फिल्म 'बंटवारा 1947' का दूसरा टीजर शनिवार को रिलीज कर दिया गया। पहले टीजर में जहां फिल्म की भावनात्मक पृष्ठभूमि और विभाजन की त्रासदी की झलक देखने को मिली थी, वहीं दूसरे टीजर में सनी देओल का दमदार एक्शन और जोशीला अंदाज कहानी को एक नया आयाम देता नजर आ रहा है।

करीब डेढ़ मिनट के इस टीजर की शुरुआत 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के दर्दनाक सीन्स से होती है। लोगों पर हो रहे अत्याचार, आगजनी, मारपीट और अफरा-तफरी के बीच प्रीति जिंटा, शबाना आजमी और अली फजल के किरदार गहरे दर्द और बेबसी में नजर आते हैं। इन सीन्स के जरिए उस दौर की भयावहता को प्रभावी ढंग से दिखाने की कोशिश की गई है।

बंटवारा 1947 का डायलॉग

इसके बाद सनी देओल की दमदार एंट्री होती है, जो पूरे टीजर का माहौल बदल देती है। उनका संवाद डर रहा है इंसान, मर रहा है इंसान, और मैं जीते जी मरना नहीं चाहता। मैं जिंदा हूं और जिंदा होने का सबूत दूंगा। टीजर की सबसे बड़ी खासियत बनकर सामने आता है। इस डायलॉग के साथ सनी जबरदस्त एक्शन करते दिखाई देते हैं, जिससे फिल्म में देशभक्ति, साहस और संघर्ष का रंग और गहरा हो जाता है।

विभाजन के दर्द पर आधारित है कहानी

'बंटवारा 1947' मशहूर साहित्यकार असगर वजाहत के चर्चित नाटक 'जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ए नई' से प्रेरित है। फिल्म 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान आम लोगों के दर्द, विस्थापन, रिश्तों और इंसानियत की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। फिल्म में ऐतिहासिक घटनाओं के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी प्रमुखता दी गई है।

बंटवारा 1947 का संगीत

फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। दमदार स्टार कास्ट, इमोशनल कहानी और बड़े पैमाने पर फिल्माए गए सीन्स के चलते 'बंटवारा 1947' इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल हो गई है। अब दर्शकों को इसके ट्रेलर और रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com