Highlights
महावीर जैन फिल्म्स ने संत कबीर दास के जीवन पर आधारित फिल्म 'कबीरा' का ऐलान किया है।
मेकर्स को आयुष्मान की आवाज, लुक और कविता-संगीत में रुचि के कारण वह इस किरदार के लिए उपयुक्त लगते हैं।
फिल्म की शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है।
Ayushmann Khurrana Film Kabira: बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' को लेकर चर्चा में हैं। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में आयुष्मान के साथ शरवरी वाघ और अनुपम खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस बीच एक्टर के हाथ एक और बड़ा प्रोजेक्ट लगने की खबर सामने आई है।
आयुष्मान खुराना जल्द ही बड़े पर्दे पर संत कबीर दास का किरदार निभा सकते हैं। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। महावीर जैन फिल्म्स ने 19 नवंबर को 15वीं सदी के महान कवि, संत और समाज सुधारक कबीर दास के जीवन पर आधारित फिल्म 'कबीरा' का ऐलान किया था। इस घोषणा के बाद से ही फिल्म की कास्ट को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
प्रोडक्शन हाउस ने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि फिल्म में संत कबीर की भूमिका कौन निभाएगा। वहीं, इस किरदार के लिए आयुष्मान खुराना का नाम सबसे आगे चल रहा है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो एक्टर पहली बार संत कबीर दास के किरदार में नजर आ सकते हैं। हालांकि, अभी तक न तो आयुष्मान और न ही फिल्म के मेकर्स ने इस खबर पर कोई आधिकारिक बयान दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, महावीर जैन फिल्म्स आयुष्मान खुराना को इस किरदार के लिए काफी पसंद कर रहा है। इसकी एक बड़ी वजह प्रोडक्शन हाउस के साथ एक्टर का पिछला अनुभव भी है। महावीर जैन फिल्म्स आयुष्मान की आने वाली फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' को को-प्रोड्यूस कर रहा है। ऐसे में दोनों के बीच अच्छा तालमेल बताया जा रहा है।
इसके अलावा मेकर्स का मानना है कि आयुष्मान की आवाज और उनका लुक संत कबीर के किरदार के लिए उपयुक्त हो सकते हैं। वह कविताएं लिखने के साथ-साथ गाने का भी शौक रखते हैं। ऐसे में उनकी साहित्य और संगीत में दिलचस्पी भी इस भूमिका के लिए एक खास वजह मानी जा रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, 'कबीरा' की शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, अभी फिल्म की बाकी स्टारकास्ट और रिलीज डेट को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि अगर व्यस्त शेड्यूल या किसी अन्य वजह से आयुष्मान इस फिल्म का हिस्सा नहीं बन पाते हैं, तो मेकर्स किसी नए कलाकार को संत कबीर के किरदार में मौका दे सकते हैं।
फिलहाल आयुष्मान के फैंस उनकी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का इंतजार कर रहे हैं। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आयुष्मान पहली बार शरवरी वाघ के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। अब देखना होगा कि क्या वह वाकई संत कबीर दास के किरदार में नजर आते हैं या मेकर्स किसी नए चेहरे को मौका देते हैं।