पहलगाम आतंकी हमले से पहले चीन के सैटेलाइट्स ने 37 बार बदली चाल, क्या आतंकियों की मदद कर रहा था ड्रैगन?

Pahalgam Attack China Satellite Report: पहलगाम आतंकी हमले से पहले चीनी सैटेलाइट्स ने 37 बार अपनी कक्षा बदली थी। दिगंतारा की रिपोर्ट के बाद पाकिस्तान और चीन की भूमिका को लेकर सवाल उठे हैं।
China Satellites Pahalgam Terror Attack
पहलगाम हमले के समय चीन के जासूसी सैटेलाइट्स ने बदला था ऑर्बिट(AI जनरेटेड इमेज)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • दिगंतारा की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी सैटेलाइट्स ने 15 से 30 अप्रैल के बीच 37 ऑर्बिटल मैनूवर किए।

  • 16 अप्रैल को याओगन-35 01A सैटेलाइट की कक्षा बदलने से पहलगाम के ऊपर उसकी निगरानी बढ़ गई।

  • हमले के दिन भी याओगन-39 के दो सैटेलाइट्स ने अपनी कक्षा में बदलाव किया था।

  • पहलगाम हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी और 16 लोग घायल हुए थे।

China Satellites Pahalgam Terror Attack: 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया था। इस हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी। अब इस हमले को लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें चीन के सैटेलाइट्स की संदिग्ध गतिविधियों का जिक्र किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, हमले से पहले चीन के अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट्स ने पहलगाम इलाके पर नजर रखने के लिए 37 बार अपनी कक्षा (ऑर्बिट) में बदलाव किया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या चीन ने पाकिस्तान के आतंकियों को इलाके की जानकारी जुटाने में मदद की थी?

हमले से पहले 37 बार बदली सैटेलाइट्स की कक्षा

बेंगलुरु की स्पेस सर्विलांस कंपनी 'दिगंतारा' की एक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। दिगंतारा के स्पेस डोमेन अवेयरनेस (SDA) विश्लेषण के मुताबिक, चीनी सैटेलाइट्स ने 15 से 30 अप्रैल 2025 के बीच कुल 37 प्लान्ड ऑर्बिटल मैनूवर किए। इन बदलावों के कारण पहलगाम के ऊपर से सैटेलाइट्स के गुजरने का पैटर्न बदल गया और उन्हें इस इलाके की निगरानी के ज्यादा मौके मिले।

कंपनी के वैज्ञानिकों का मानना है कि इनमें से कुछ बदलाव हमले से पहले ही तय किए गए हो सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 16 अप्रैल को याओगन-35 01A सैटेलाइट ने अपनी कक्षा बदली। इसके बाद पहलगाम के ऊपर से उसके गुजरने की संख्या पहले के मुकाबले दोगुनी हो गई।

China Satellites Pahalgam Terror Attack
गगनयान के अंतरिक्ष यात्रियों ने रूस में ली जीरो-ग्रैविटी ट्रेनिंग, कभी उछले, कभी हवा में तैरे; VIDEO VIRAL

हमले वाले दिन भी बदली गई सैटेलाइट्स की दिशा

रिपोर्ट में बताया गया है कि 22 अप्रैल को हमले के बाद दो अन्य चीनी सैटेलाइट्स याओगन-39 01B और याओगन-39 01C ने भी अपनी कक्षा में बदलाव किया। इन सैटेलाइट्स ने शाम 5:14 बजे और 5:59 बजे मैनूवर किए। ये सैटेलाइट्स आधुनिक इमेजिंग और निगरानी तकनीक से लैस हैं। इनका इस्तेमाल सैन्य गतिविधियों पर नजर रखने और खुफिया जानकारी जुटाने के लिए किया जा सकता है।

दिगंतारा की निगरानी टीम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इस तरह की गतिविधियां इलाके की लगातार सैटेलाइट निगरानी का संकेत हो सकती हैं। इसके जरिए सुरक्षा बलों की आवाजाही पर नजर रखने या आतंकियों के संभावित भागने के रास्तों की जानकारी जुटाने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि, यह अभी केवल एक अपुष्ट अनुमान है। रिपोर्ट में इन गतिविधियों और आतंकी हमले के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की गई है।

क्या होता है सैटेलाइट मैनूवर?

सैटेलाइट मैनूवर का मतलब अंतरिक्ष में किसी सैटेलाइट की कक्षा या दिशा में जानबूझकर बदलाव करना होता है। ऐसा इसलिए किया जाता है ताकि सैटेलाइट को किसी खास जगह पर पहुंचाया जा सके या किसी इलाके की निगरानी बेहतर तरीके से की जा सके। इसके लिए सैटेलाइट में छोटे रॉकेट इंजन यानी थ्रस्टर लगे होते हैं। जब इन्हें चालू किया जाता है, तो गैस तेजी से बाहर निकलती है और सैटेलाइट की गति या दिशा बदल जाती है। इस प्रक्रिया से उसकी कक्षा में बदलाव होता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 29 अप्रैल को चीनी लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) सैटेलाइट्स ने 37 मैनूवर किए, जबकि 30 अप्रैल को इनकी संख्या 31 रही। दिगंतारा ने अपने विश्लेषण में कुल 1,332 चीनी स्पेस ऑब्जेक्ट्स का अध्ययन किया था। इनमें से 190 ने इस अवधि में कम से कम एक बार अपनी कक्षा बदली। हालांकि, 37 मैनूवर इसलिए खास माने गए, क्योंकि इनके कारण सैटेलाइट्स की सामान्य गति में बदलाव हुआ और उनका पहलगाम इलाके पर फोकस बढ़ा।

हमले में गई थी 26 लोगों की जान

22 अप्रैल 2025 को पहलगाम से करीब 6 किलोमीटर दूर बैसरन घाटी में आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया था। इस घटना में 26 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 16 लोग घायल हुए थे। आतंकियों ने लोगों की धार्मिक पहचान पूछकर उन्हें निशाना बनाया था। हमले के बाद पूरे देश में गुस्सा देखने को मिला था। इसके बाद भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के लिए अपने हवाई रास्ते भी बंद कर दिए थे।

China Satellites Pahalgam Terror Attack
PM मोदी ने किस व्यक्ति की फोटो नेपाल के प्रधानमंत्री को दी? जिससे वो भावुक हो गए

आतंकियों के पास मिला था चीन से जुड़ा कैमरा

पहलगाम हमले के बाद आतंकियों के पास मिले एक गोप्रो कैमरे को लेकर भी सवाल उठे थे। यह अमेरिकी कंपनी का कैमरा था, जिसे चीन के एक अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर को भेजा गया था। गोप्रो कंपनी ने इसकी जानकारी दी थी।

भारत ने इस कैमरे को लेकर चीन से जानकारी मांगी थी, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिला है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) इस बात की जांच कर रही है कि कैमरा चीन के डिस्ट्रीब्यूटर से पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर्स तक कैसे पहुंचा।