रामदेव के पाखंडी वाले बयान पर धीरेंद्र शास्त्री का जवाब, बोले- उनकी निंदा भी हमारे लिए आशीर्वाद

Dhirendra Krishna Shastri on Baba Ramdev: बाबा रामदेव की 'पाखंडी' टिप्पणी पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने प्रतिक्रिया दी। बोले- स्वामी रामदेव उनके अभिभावक हैं और उनकी निंदा भी आशीर्वाद है।
Dhirendra Krishna Shastri on Baba Ramdev
बाबा रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री के बीच बयानबाजीसोर्स-IANS
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • बाबा रामदेव की टिप्पणी पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नरम रुख अपनाया।

  • शास्त्री ने कहा कि वह स्वामी रामदेव को अभिभावक की तरह मानते हैं।

  • उन्होंने रामदेव की आलोचना को भी आशीर्वाद बताते हुए विवाद नहीं बढ़ाने की बात कही।

Baba Ramdev Pakhndi Comment Statement: योग गुरु बाबा रामदेव और कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच बयानबाजी का मामला सामने आने के बाद अब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। रामदेव ने हाल ही में बिना नाम लिए कुछ कथावाचकों पर निशाना साधते हुए उन्हें 'पाखंडी' कहा था। अब धीरेंद्र शास्त्री ने इस टिप्पणी पर नाराजगी जताने के बजाय नरम रुख अपनाया है।

उन्होंने कहा कि स्वामी रामदेव ने हमेशा उन्हें स्नेह दिया है और वह उन्हें अभिभावक की तरह मानते हैं। शास्त्री के मुताबिक, चार दिन पहले ही रामदेव उनके मंच पर आए थे और उनकी प्रशंसा की थी। अब उन्होंने आलोचना की है तो इसे भी आशीर्वाद की तरह स्वीकार किया जाना चाहिए।

'हम निंदा और प्रशंसा दोनों स्वीकार करते हैं'

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने रामदेव की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें किसी की प्रशंसा से विशेष खुशी और आलोचना से परेशानी नहीं होती। उन्होंने कहा, "हमको निंदा भी स्वीकार है और प्रशंसा भी स्वीकार है।" शास्त्री ने आगे कहा कि संभव है कि उनकी किसी बात से स्वामी रामदेव को ठेस पहुंची हो, इसलिए उन्होंने ऐसी टिप्पणी की।

उन्होंने रामदेव के पुराने व्यवहार का जिक्र करते हुए कहा कि चार दिन पहले उन्होंने मंच पर आकर उनकी प्रशंसा की थी और अब आलोचना कर दी। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि अगर वह भी इस पर पलटकर कुछ बोलेंगे तो बात और बढ़ेगी। इसलिए वह किसी तरह की टिप्पणी नहीं करना चाहते।

Dhirendra Krishna Shastri on Baba Ramdev
कुंडा में भक्ति का महासागर; श्रीराम कथा के समापन पर 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा

'हम हिंदुओं को जोड़ने आए हैं, तोड़ने नहीं'

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर ने कहा कि उनका उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट करना है, न कि संतों के बीच मतभेद बढ़ाना। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी संत के खिलाफ बयान नहीं देंगे। उनके अनुसार, स्वामी रामदेव ने उनका नाम लेकर टिप्पणी नहीं की है और उनके मन में कोई बात आई होगी, तभी उन्होंने ऐसा कहा।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वह हमेशा संतों और हिंदुओं के साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने रामदेव को अपना ही बताते हुए कहा कि वह जिस तरह भी हैं, उनके लिए सम्मानित हैं। उन्होंने यह भी दोहराया कि दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं उन्हें स्वीकार हैं।

कथा के मंच से भी भक्तों से कहलवाया- 'यह भी आशीर्वाद है'

रामदेव की टिप्पणी पर अपना रुख बताते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कथा की व्यास पीठ से मौजूद लोगों से भी कहा कि वे बोलें- 'यह भी आशीर्वाद है।' उन्होंने कहा कि वह भगवान के भरोसे रहते हैं और उनके लिए हर परिस्थिति स्वीकार्य है।

शास्त्री के इस बयान को दोनों संतों के बीच विवाद को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि वह इस मामले में किसी तरह की जवाबी बयानबाजी नहीं करना चाहते।

रामदेव ने किस बयान पर जताई थी नाराजगी?

दरअसल, सोमवार को महिला सशक्तीकरण से जुड़े एक कार्यक्रम में बाबा रामदेव ने कुछ लोगों पर तीखी टिप्पणी की थी। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा था कि कुछ कथावाचक पहले भगवान कृष्ण को लेकर विवादित टिप्पणी करते हैं, फिर माफी मांगते हैं और बाद में मंदिर जाकर दर्शन भी करते हैं।

रामदेव ने ऐसे लोगों को 'पाखंडी' कहते हुए सवाल उठाया था कि भगवान के बारे में इस तरह की बातें कहने के बाद माफी मांगने का क्या मतलब है। उन्होंने यह भी कहा था कि कुछ लोग हिंदुओं को हथियार उठाने और हिंसा की ओर प्रेरित कर रहे हैं, जबकि देश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन मौजूद हैं।

Dhirendra Krishna Shastri on Baba Ramdev
Brij Bhushan Sharan Singh: बृजभूषण शरण सिंह ने मांगी माफी, फिर भी लग गया इतना बड़ा जुर्माना, यहां जानिए पूरा मामला

कृष्ण पर टिप्पणी और हथियारों की बात को लेकर साधा था निशाना

रामदेव ने अपने संबोधन में भगवान राम और कृष्ण की तुलना से जुड़े कथित बयानों का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि भगवान कृष्ण को टेढ़ा-मेढ़ा बताने के बाद माफी मांगना और फिर बांके बिहारी मंदिर जाकर दर्शन करना विरोधाभासी है। इसी संदर्भ में उन्होंने तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया था।

इसके अलावा उन्होंने हिंदुओं को अंधविश्वास से बचने की सलाह दी और कहा कि समाज को हिंसा की ओर ले जाने के बजाय एकजुटता और समझदारी पर जोर देना चाहिए। रामदेव ने अपने संबोधन में किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन उनकी टिप्पणी को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जोड़कर देखा गया।