नागरकोइल रेलवे जंक्शन, ट्रेन के कोच में महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप
54 वर्षीय महिला के साथ दरिंदे ने दुराचार के बाद विरोध करने पर महिला की कर दी हत्या
आरोपी दरिंदा CCTV फूटेज के आधार पर हुआ गिरफ्तार पुलिस ने भेज दिया जेल
54 Year Old Woman Murder: तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नागरकोइल रेलवे जंक्शन के यार्ड में खड़ी एक ट्रेन के खाली डिब्बे में करीब 54 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई।
वारदात के बाद आरोपी ने महिला के शव को सीट के नीचे छिपा दिया। हैरानी की बात यह है कि कई दिनों तक किसी को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। रेलवे पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से 31 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सफाई के दौरान मिला महिला का शव
पुलिस के मुताबिक, ट्रेन 11 नवंबर को तिरुवनंतपुरम से नागरकोइल पहुंची थी। तकनीकी खराबी के कारण उसे मरम्मत के लिए रेलवे यार्ड में खड़ा कर दिया गया था। 18 नवंबर को जब ट्रेन को दोबारा चलाने की तैयारी के तहत सफाई की जा रही थी, तब एक कोच से दुर्गंध आने लगी। कर्मचारियों ने जांच की तो सीट के नीचे महिला का शव मिला। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी। इसके बाद रेलवे पुलिस को सूचना दी गई।
प्लेटफॉर्म से जबरन कोच में ले जाने का आरोप
जांच में सामने आया कि वारदात 14 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे हुई थी। पुलिस के अनुसार, महिला प्लेटफॉर्म नंबर-5 के पास मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसे पकड़कर खाली कोच में खींच लिया। वहां उसके साथ दुराचार किया और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट की गई। पुलिस का कहना है कि गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई। पोस्टमार्टम में भी शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले।
सीसीटीवी से आरोपी तक पहुंची पुलिस
रेलवे पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें सफेद शर्ट और धोती पहने एक संदिग्ध व्यक्ति को कोच से बाहर निकलते देखा गया। जांच आगे बढ़ी तो उसकी पहचान अय्यप्पन (31) के रूप में हुई। वह कन्याकुमारी जिले के चेनबगरामनपुथुर का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सोने की अंगूठी से पहचान का सुराग
इस मामले में महिला की पहचान तक पहुंचने के लिए पुलिस को उसकी सोने की अंगूठी से अहम सुराग मिला। अंगूठी पर बने निशान और हॉलमार्क की जानकारी के आधार पर जांच गुजरात से छत्तीसगढ़ के रायपुर तक पहुंची। इसके बाद पुलिस को महिला के दस्तावेजों और परिवार का पता लगाने में मदद मिली।
घटना ने रेलवे स्टेशनों और यार्ड में खड़े खाली डिब्बों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए तमिलनाडु के डीजीपी से सात दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है।