ग्वालियर: 3 मंजिला मकान में लगी भीषण आग, आसपास के घरों को भी कराया गया खाली, एयरफोर्स के दमकल अमले को बुलाया

Gwalior Electrical Shop Fire : ग्वालियर में 3 मंजिला इमारत में आग लग गई। आसपास के घरों को खाली कराया गया। हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। एयरफोर्स के दमल अमले को बुलाया गया।
gwalior fire news
मकान में लगी भीषण आगफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • ग्वालियर में 3 मंजिला इमारत में लगी आग।

  • आसपास के घरों को भी कराया गया खाली।

  • एयरफोर्स के दमकल अमले को बुलाया गया।

  • आग में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका।

Gwalior Building Fire News : ग्वालियर में तीन मंजिला मकान में शनिवार रात अचानक भीषण आग लग गई। घटना के दौरान मकान मालिक परिजनों के साथ एक शादी में शामिल होने गए थे। ग्राउंड फ्लोर पर मकान मालिक की इलेक्ट्रिकल की दुकान थी। फर्स्ट फ्लोर पर गोदाम और थर्ड फ्लोर पर आवासीय परिसर है। गोदाम से उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

नगर निगम के दमकल अमले के तमाम प्रयासों के बाद भी जब आग पर काबू नहीं पाया जा सका, तो आनन फानन में एयर फोर्स के दमकल अमले की मदद लेनी पड़ी। इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये का माल जलकर खाक हो गया है। गनीमत की बात ये है कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। अग्निकांड की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

रात में लगी मकान में आग

जनकगंज थाना अंतर्गत नई सड़क स्थित नक्कासा नंबर 2 की सकरी गली के एक मकान से शनिवार रात लगभग दस बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। मकान मालिक का नाम धर्मेन्द्र जैन बताया जा रहा है। धर्मेन्द्र के मकान के ग्राउंड फ्लोर पर राज मार्केटिंग के नाम से एक इलेक्ट्रीकल्स की दुकान है। फर्स्ट फ्लोर पर गोदाम और सेकंड और थर्ड फ्लोर पर आवासीय परिसर है।

शादी में शामिल होने गया था परिवार

ग्वालियर में आग की घटना के दौरान धर्मेंद्र अपने परिजनों के साथ डबरा में एक शादी में शामिल होने के लिए गए हुए थे। पड़ोसियों ने घटना की सूचना उन्हें मोबाइल के माध्यम से दी। इससे पहले नगर निगम के फायर ब्रिगेड अमले, पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। साथ ही नगर निगम का फायर ब्रिगेड अमला और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

आसपास के मकानों को कराया गया खाली

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने आग की लपटें सबसे पहले गोदाम से उठती हुई देखीं। इसके थोड़ी ही देर बाद आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि मौके पर पहुंचे SDM के निर्देश पर आस पास के मकानों से लोगों को बाहर निकल लिया गया. इस दौरान स्थानीय लोगों ने कुछ धमाकों की भी आवाजें सुनीं। माना जा रहा है ये आवाजें संभवतः पटाखों की रही होंगी।

एयरफोर्स के दमकल अमले को बुलाया

रात लगभग एक बजे तक ग्वालियर नगर निगम का दमकल अमला डेढ़ दर्जन से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से आग पर पानी फेंक चुका था। इसके बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद एयर फोर्स के दमकल अमले को मदद के लिए बुलाया गया।

gwalior fire news
पन्ना टाइगर रिजर्व में मनाया गया जुड़वा हथिनियों का पहला जन्मदिन, रोहिणी और केतकी ने काटा केक

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

आग की शुरुआती वजह शार्ट सर्किट से गिरी चिंगारी को माना जा रहा है। हालांकि असल और आधिकारिक वजह जांच के बाद ही पता चल सकेगी। इस अग्निकांड में करोड़ों रूपये का माल जलकर खाक होने का अनुमान है। राहत की बात ये है कि इस आगजनी में कोई जनहानि नहीं हुई है।