HIGHLIGHTS
हाथी के शावक का शव मिलने से मचा हड़कंप।
2 से 3 दिन पुरानी बताई जा रही मौत।
गुरू घासीदास टाइगर रिजर्व के बिहारपुर क्षेत्र का है मामला।
दो दिन पहले भी उदयपुर वन परिक्षेत्र में मिला था हाथी का शव।
वन्यजीव निगरानी व्यवस्था को लेकर उठे सवाल।
Deaths of Elephants in Surguja Division : छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में हाथियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब सूरजपुर जिले के गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक हाथी के शावक का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।
शावक की उम्र करीब 2 से 3 साल बताई जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है। फिलहाल हाथी के शावक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व के बिहारपुर क्षेत्र का है। बताया जाता है कि मोहरसोप-कछवारी मुख्य मार्ग के किनारे जुडवनिया लालमाटी जंगल के पास हाथी के शावक का शव मिला। स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विभाग की टीम अब शावक की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
गौरतलब है कि इससे दो दिन पहले सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में भी एक हाथी का शव मिला था। बताया जा रहा है कि 17 हाथियों का एक दल उदयपुर क्षेत्र में पहुंचा था। इनमें से 15 हाथियों के वापस लौटने की जानकारी सामने आई थी, जबकि दो हाथी दल से बिछड़कर जंगल में विचरण कर रहे थे। अब उदयपुर के बाद सूरजपुर में हाथी के शावक का शव मिलने से वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल हाथी के शावक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। उदयपुर और सूरजपुर में हुई दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वन विभाग की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।