

नोएल टाटा ने टाटा ग्रुप के इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा
बहराम वकील ने संभाली टाटा ग्रुप के इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन का पद
बहराम वकील देश की जानी-मानी लॉ फर्म AZB एंड पार्टनर्स के संस्थापक साझेदारों में से एक
Tata Investment Corporation Chairman Resignation Behram Vakil New Chairman: टाटा ग्रुप के नेतृत्व में एक बड़ा बदलाव हुआ है। नोएल टाटा ने टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन और डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही कंपनी में उनका 16 साल से ज्यादा पुराना कार्यकाल समाप्त हो गया है। हालांकि, कंपनी में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें चेयरमैन एमेरिटस यानी मानद चेयरमैन बनाया गया है।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि 11 नवंबर को कामकाज खत्म होने के बाद नोएल टाटा अपने पदों से रिटायर हो गए। उनकी जगह 12 नवंबर से बहराम वकील कंपनी के नए चेयरमैन होंगे।
बहराम वकील देश की जानी-मानी लॉ फर्म AZB एंड पार्टनर्स के संस्थापक साझेदारों में से एक हैं। वे कॉर्पोरेट कानून, कंपनी के पुनर्गठन, दिवालियापन और बड़े प्रोजेक्ट्स की फाइनेंसिंग के विशेषज्ञ हैं। वे लंबे समय से टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन से जुड़े हुए हैं। मार्च 2026 में उन्हें कंपनी का वाइस-चेयरमैन बनाया गया था।
दरअसल, टाटा ग्रुप के नियमों के मुताबिक, नॉन-एग्जीक्यूटिव और नॉन-इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स को 70 साल की उम्र में रिटायर होना होता है। नोएल टाटा इसी महीने 70 साल के हो गए हैं। इसी नियम के तहत वे अलग-अलग कंपनियों के बोर्ड से हट रहे हैं।
नोएल टाटा 9 जून 2004 को टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के बोर्ड में शामिल हुए थे। इसके बाद 24 जून 2010 को उन्हें कंपनी का चेयरमैन बनाया गया। कंपनी ने उनके नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में कारोबार ने अच्छी प्रगति की और शेयरधारकों को लगातार फायदा मिला।
कंपनी ने अबीजर शब्बीर दीवानजी को 12 नवंबर 2026 से पांच साल के लिए अतिरिक्त स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी। वे NeoStrat Advisors LLP के संस्थापक हैं और इससे पहले KPMG और EY में बड़े पदों पर काम कर चुके हैं।
नोएल टाटा ट्रेंट, वोल्टास और टाटा इंटरनेशनल के चेयरमैन पद से भी हट रहे हैं। ट्रेंट की जिम्मेदारी बहराम वकील को, वोल्टास की जिम्मेदारी सुनील डिसूजा को और टाटा इंटरनेशनल की जिम्मेदारी टीवी नरेंद्रन को सौंपी जा रही है।
हालांकि, नोएल टाटा टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन बने रहेंगे और टाटा संस में भी ट्रस्ट्स के प्रतिनिधि के तौर पर अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।