लापरवाह ठेकेदारों की खैर नहीं, सीधे होगी बैंक गारंटी जब्त।
सरगुजा संभाग में सड़कों की बदहाली पर प्रशासन बेहद सख्त।
निर्माण में देरी करने वालों को मिलेगी ब्लैकलिस्ट की सजा।
मेडिकल कॉलेज के अधूरे काम पर ठेकेदार को मिला नोटिस।
पीडब्ल्यूडी सचिव के औचक निरीक्षण से विभाग में मचा हड़कंप।
Mukesh Kumar Bansal Pwd Secretary Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने चार जिलों का दौरा किया। उन्होंने जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में विकास कार्यों का जायजा लिया। निर्माण कार्यों में सुस्ती और खराब सड़कों को देखकर सचिव ने नाराजगी जताई। लापरवाह ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने के निर्देश दिए गए हैं। सुधार नहीं होने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी भी दी गई है।
सचिव मुकेश कुमार बंसल ने दो दिनों तक संभाग के कई इलाकों में निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों के साथ पुल-पुलियों और मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण की प्रगति देखी। जमीनी हकीकत देखने के बाद उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने साफ कर दिया कि अब काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग की हालत बेहद खराब मिली। इन सड़कों के संधारण में ठेकेदारों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। इस पर पीडब्ल्यूडी सचिव ने सख्त रुख अपनाया।
उन्होंने संबंधित ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने के लिए नोटिस जारी करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि काम में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। इस कार्रवाई से पूरे संभाग के ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है।
सचिव ने मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। काम की धीमी गति देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सचिव ने कहा कि निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। अनावश्यक देरी करने वालों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे। तय समय पर काम पूरा करना हर हाल में जरूरी है।
इस दौरे में विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे। इनमें प्रमुख अभियंता व्हीके भतपहरी और मुख्य अभियंता केपी संत शामिल थे। अधीक्षण अभियंता आरएस तोमर और स्थानीय कार्यपालन अभियंता भी निरीक्षण में साथ रहे।
टीम ने जशपुर, मनोरा, सन्ना, बगीचा, कांसाबेल, बागबहार और कोतबा की सड़कें देखीं। इसके अलावा लुड़ेग, सीतापुर, पत्थलगांव, मैनपाट और दरिमा का भी दौरा हुआ। राजपुर, प्रतापपुर, भैयाथान और सूरजपुर में भी निर्माण कार्यों की जांच की गई।
Story by - Sanjay Rajak