HIGHLIGHTS
17 जानें लेने वाला कबरा हाथी अब सायर जंगल पहुंचा।
हाथी की दहशत से उदयपुर के 14 स्कूल बंद किए।
कुमकी हाथियों की मदद से आज चलेगा बड़ा रेस्क्यू अभियान।
वन विभाग ड्रोन से रख रहा खतरनाक हाथी पर नजर।
कबरा हाथी को पकड़कर रेडियो कॉलर लगाने की तैयारी तेज।
Elephant Rescue Operation Chhattisgarh : सूरजपुर और सरगुजा में 17 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी सायर जंगल पहुंचा है।हाथी की दहशत को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के 14 स्कूलों में छुट्टी कर दी है। ग्रामीणों को सुरक्षित रखने के लिए वन विभाग गांवों में लगातार मुनादी करा रहा है। आज वन विभाग कुमकी हाथियों की मदद से बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने जा रहा है। टीम हाथी को बेहोश कर उसके गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की तैयारी में है।
ग्रामीणों और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। सायर और कुदर बसवार समेत आसपास के करीब 14 स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है। एक दिन पहले भी प्रशासन ने उदयपुर क्षेत्र के पांच स्कूल बंद रखे थे।
वन विभाग और पुलिस की टीमें इलाके में लगातार गश्त कर रही हैं। गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जंगल की तरफ न जाने की हिदायत दी जा रही है। बीते दिन प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी एक वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
अब तक हाथी को रोकने की वन विभाग की सभी कोशिशें नाकाम साबित हुई हैं। इसे देखते हुए विभाग आज एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने की तैयारी में है। इस अभियान के लिए ट्रकों के जरिए कुमकी हाथियों को रेस्क्यू स्थल तक पहुंचाया गया है। घने जंगल में हाथी की सटीक लोकेशन जानने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। मौके पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट की टीम तैनात है।
अभियान के तहत सबसे पहले कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज यानी बेहोश किया जाएगा। इसके बाद उसके गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाया जाएगा। इससे विभाग को हाथी की हर गतिविधि और लोकेशन की पल-पल की खबर मिलती रहेगी। प्रशासन की प्राथमिकता किसी भी तरह की जनहानि को रोकना है।
Story by - Sanjay Rajak