मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
दोनों शुक्रवार से थे लापता।
12वीं के छात्र का सड़क किनारे मिला शव।
मौत की असल वजह स्पष्ट नहीं।
Surajpur Mother and Son Murder Case: सूरजपुर में डबल मर्डर से हड़कंप मच गया है। जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में अलग-अलग जगह लाश मिली है। पुलिस ने बताया कि 12वीं के छात्र का लहूलुहान शव सड़क किनारे मिला तो वहीं उसकी शिक्षिका मां की लाश घर में मिली। बेटे के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। दोनों की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इधर वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। डॉग स्क्वॉड से लेकर फॉरेंसिक टीम तक जांच में लगी है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मां और बेटे शुक्रवार से लापता थे, इसके बाद दोनों के शव अलग-अलग जगह मिले। महावीरपुर कालीघाट रोड के पास मुख्य मार्ग से करीब 25 मीटर की दूरी पर एक छात्र का शव संदिग्ध हालत में बरामद किया गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त शुरू की। मृतक की पहचान केशवनगर निवासी सजल बरेठ (18 साल) के रूप में हुई। पुलिस ने युवक की स्कूटी केशवनगर में नायरा पेट्रोल पंप के पास बरामद की है। मां-बेटे की मौत की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी है।
बेटे की लाश मिलने के बाद पुलिस ने केशवनगर में छत्तीसगढ़ ढाबा के पीछे ममता कॉलोनी में उसकी शिक्षिका मां की लाश बरामद की। वह यहां किराए के मकान में रह रही थी। शनिवार देर शाम जब घर की पड़ताल की गई, तो वहां एक बंद कमरे में मां रजनी बरेठ का शव मिला। मृतिका बेलटिकरी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। महिला का पति से तलाक हो चुका था। वहीं अब संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मां-बेटे की मौत की असल वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े भी मौके पर पहुंचे। इधर जांच में जुटी पुलिस ने आशंका जताई है कि छात्र का धारदार हथियार से हत्या की गई है। वारदात को लेकर अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।