छत्तीसगढ़ राजनांदगांव साइबर ठगी सोर्स- नवभारत लाइव
राजनांदगांव

राजनांदगांव में थलपति विजय के नाम पर ग्रामीण से ठगी, 6 गुना रकम के झांसे में गंवाए 87 हजार

Rajnandgaon Cyber ​​Fraud : साइबर ठग अब लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए बड़े नेताओं और प्रभावशाली लोगों के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसा ही मामला छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सामने आया है।

जयदास मानिकपुरी, रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • राजनांदगांव में साइबर ठगी का नया मामला।

  • ठग ने खुद को तमिलनाडु CM थलपति विजय का PA बताया।

  • निवेश की रकम 6 गुना करने का दिया लालच।

  • पैसे ट्रांसफर होते ही आरोपी ने मोबाइल नंबर किया ब्लॉक।

  • डीएसपी ने की साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील।

Cyber ​​Fraud in Rajnandgaon, Chhattisgarh : साइबर ठग अब लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए बड़े नेताओं और प्रभावशाली लोगों के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सामने आया है, जहां एक ठग ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय का पीए बताकर ग्रामीण से 87 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने पीड़ित को निवेश की रकम 6 गुना करके लौटाने का लालच दिया था।

मामला ग्राम भर्रेगांव निवासी विजय कुमार टंडन से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय का पीए बताया। इसके बाद उसने पीड़ित को एक ऐसी निवेश योजना के बारे में जानकारी दी, जिसमें पैसा लगाने पर 6 गुना रकम वापस मिलने का दावा किया गया।

आरोपी की बातों में आकर विजय कुमार टंडन ने भरोसा कर लिया और उसके बताए तरीके से कुल 87 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम भेजने के बाद जब उन्होंने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक मिला। इसके बाद पीड़ित को समझ आया कि मुख्यमंत्री के नाम और पद का इस्तेमाल कर उनके साथ साइबर धोखाधड़ी की गई है।

डीएसपी ने दी मामले की जानकारी

राजनांदगांव के डीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय का पीए बताकर पीड़ित को 6 गुना रकम देने का लालच दिया था। उसके झांसे में आकर विजय कुमार ने 87 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगी के बाद आरोपी ने पीड़ित का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया।

नेताओं के नाम पर भी ठगी कर रहे साइबर ठग

इस घटना ने साइबर अपराधियों के बदलते तौर-तरीकों को उजागर किया है। अब ठग केवल बैंक अधिकारी या निवेश सलाहकार बनकर ही लोगों को निशाना नहीं बना रहे, बल्कि बड़े नेताओं और उनके करीबियों के नाम का इस्तेमाल कर भी भरोसा जीत रहे हैं। मोटी रकम लौटाने और कम समय में पैसा कई गुना करने का लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है।

ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के 6 गुना या कई गुना रकम लौटाने के दावे पर भरोसा करने से बचना चाहिए। किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच करना जरूरी है। अगर कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर या आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

Rajasthan Panchayat Election Result 2026: पंचायत चुनाव में कांग्रेस आगे, BJP को झटका; कई दिग्गज भी हारे

देश में चल रही 32 फर्जी यूनिवर्सिटी, दिल्ली टॉप पर; कहीं आप भी तो नहीं लेने जा रहे एडमिशन? ऐसे जांचें मान्यता

PM मोदी से मिले CM धामी, उत्तराखंड के लिए रखीं कई बड़ी मांगें; एक्सप्रेस-वे और परियोजनाओं के लिए मांगी मंजूरी

Cyclone Akvan Live: चक्रवात अकवान तट से टकराया, अलर्ट के बावजूद जगन्नाथ मंदिर पहुंचे श्रद्धालु

राजस्थान पंचायत चुनाव में मंत्री की पत्नी-बेटे हारे, DIG की पत्नी भी नहीं बचा सकीं सीट; कांग्रेस का दबदबा