

HIGHLIGHTS
कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस में बम की खबर से मची अफरा-तफरी।
राजनांदगांव स्टेशन पर डेढ़ घंटे तक चला सघन तलाशी अभियान।
बम की सूचना देने वाला यात्री मानसिक रूप से अस्वस्थ निकला।
अस्पताल में भी युवक ने दोहराई बम होने की बात।
बिलासपुर के सीपत निवासी युवक के परिजनों को दी सूचना।
Rajnandgaon Mentally Unstable Youth Bomb Rumor : एक युवक की बात और रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से राजनांदगांव स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आरपीएफ, जीआरपी, जिला पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पूरी ट्रेन को खंगाल डाला, लेकिन कहीं कोई विस्फोटक नहीं मिला।
अब इस पूरे घटनाक्रम के पीछे चौंकाने वाली वजह सामने आई है। ट्रेन में बम होने की बात कहने वाला युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ निकला। बिलासपुर जिले के सीपत का रहने वाला यह युवक खुद उसी ट्रेन में सफर कर राजनांदगांव पहुंचा था।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को युवक जैसे ही राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरा, उसने ट्रेन में बम होने की बात कही। उसकी यह बात वहां मौजूद कुछ यात्रियों ने सुन ली। यात्रियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस को रोककर बम निरोधक दस्ते की मौजूदगी में एक-एक बोगी की तलाशी शुरू की गई। यात्रियों के सामान और संदिग्ध स्थानों की भी बारीकी से जांच की गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस अभियान में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
युवक को पकड़ने के बाद पुलिस ने उसका चिकित्सकीय मुलाहिजा कराने के लिए अस्पताल पहुंचाया। यहां भी उसका व्यवहार सामान्य नहीं था। वह अस्पताल परिसर में भी बम होने की बात कहने लगा। युवक की लगातार ऐसी बातें करने पर डॉक्टरों ने उसकी मानसिक स्थिति का परीक्षण किया। जांच के बाद चिकित्सकों ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की पुष्टि की।
युवक की मानसिक स्थिति सामने आने के बाद जीआरपी ने उसके परिजनों से संपर्क किया। उसे समुचित उपचार के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी शुरू की गई। इस घटनाक्रम में किसी बम या विस्फोटक की मौजूदगी नहीं मिली। जिस सूचना ने रेलवे प्रशासन से लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों तक को सक्रिय कर दिया था, उसके पीछे युवक की मानसिक अस्वस्थता सामने आई।
इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा से जुड़ी किसी भी सूचना को एजेंसियां कितनी गंभीरता से लेती हैं। यात्रियों की सतर्कता के चलते सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंची और सुरक्षा एजेंसियों ने बिना जोखिम उठाए पूरी ट्रेन की जांच की। हालांकि, जांच में बम की सूचना निराधार निकली और यात्रियों को हुई परेशानी के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।