राजस्थान पंचायत चुनाव में मंत्री की पत्नी-बेटे हारे, DIG की पत्नी भी नहीं बचा सकीं सीट; कांग्रेस का दबदबा

Jhabar Singh Kharra Family Election Loss: राजस्थान पंचायत चुनाव में मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और दोनों बेटे हार गए। सीकर में कांग्रेस का दबदबा रहा, जबकि सांगानेर में RLP ने शानदार प्रदर्शन किया।
Jhabar Singh Kharra Family Election Loss
मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार की हार, DIG की पत्नी भी चुनाव नहीं जीत सकींसोर्स-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी और दोनों बेटे पंचायत चुनाव हार गए।

  • श्रीमाधोपुर और अजीतगढ़ पंचायत समितियों में कांग्रेस का प्रदर्शन मजबूत रहा।

  • जयपुर के सांगानेर में RLP ने 12 में से 8 सीटें जीतकर बढ़त बनाई।

Rajasthan Panchayat Election Result 2026: राजस्थान के पंचायत चुनाव के नतीजों ने कई दिग्गज नेताओं के राजनीतिक समीकरण बिगाड़ दिए हैं। सीकर जिले में प्रदेश सरकार के मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। उनकी पत्नी शांति देवी और दोनों बेटे अपनी-अपनी सीटों पर जीत हासिल नहीं कर सके।

खास बात यह रही कि परिवार के दो सदस्य बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे, जबकि बड़े बेटे ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरकर किस्मत आजमाई थी। दूसरी ओर, श्रीमाधोपुर क्षेत्र में कांग्रेस ने पंचायत चुनाव में मजबूत स्थिति बनाई है। श्रीमाधोपुर और अजीतगढ़ पंचायत समितियों में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहने से दोनों जगह पार्टी के प्रधान बनने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।

मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को तीन सीटों पर हार

बता दें कि इस चुनाव में सीकर जिले में मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के चुनावी प्रदर्शन की सबसे ज्यादा चर्चा रही। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड नंबर 17 से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रही थीं। इस मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशी ने उन्हें 51 वोटों से हरा दिया।

मंत्री के बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 19 से निर्दलीय उम्मीदवार थे, लेकिन उन्हें भी जीत नहीं मिली। वहीं, दूसरे बेटे अजय सिंह खर्रा बीजेपी के टिकट पर श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 20 से चुनाव मैदान में उतरे थे। इस सीट पर कांग्रेस के भैरूलाल वर्मा ने उन्हें 60 वोटों से पराजित किया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हार ने सीकर के पंचायत चुनाव परिणामों को चर्चा में ला दिया है।

Jhabar Singh Kharra Family Election Loss
राजस्थान पंचायत चुनाव के दौरान पूर्व सरपंच की मौत, मतदान केंद्र पर फैली हिंसा के बाद सरकार पर उठे गंभीर सवाल

श्रीमाधोपुर और अजीतगढ़ में कांग्रेस की मजबूत पकड़

इस बार सीकर जिले के श्रीमाधोपुर निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस ने पंचायत चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया है। श्रीमाधोपुर और अजीतगढ़ पंचायत समितियों में पार्टी की स्थिति मजबूत होने से कांग्रेस के लिए दोनों जगह पंचायत समिति प्रधान की कुर्सी हासिल करने का रास्ता खुलता दिखाई दे रहा है।

इन नतीजों को जिले में कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव और स्थानीय स्तर पर पार्टी की मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है।

BJP की पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी की हुई करारी हार

सीकर जिला परिषद चुनाव में बीजेपी की पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी को भी हार मिली है। बता दें कि वह जिला परिषद के वार्ड नंबर 48 से चुनाव लड़ रही थीं। पार्टी के एक बड़ें चेहरे की करारी हार ने जिले में बीजेपी के लिए मुश्किलें बढ़ाई हैं।

DIG की पत्नी को कांग्रेस उम्मीदवार ने हराया

जिला परिषद के वार्ड नंबर 47 में भी चुनावी मुकाबला दिलचस्प रहा। इस चुनाव में राजस्थान पुलिस के डीआईजी अरशद अली की पत्नी जरीना खान को कांग्रेस की नसीम बानो ने हरा दिया। वहीं, वार्ड नंबर 44 में बीजेपी प्रत्याशी ताराचंद धायल ने कांग्रेस के अनिल को पराजित कर जीत दर्ज की।

Jhabar Singh Kharra Family Election Loss
राजस्थान में बिजली उत्पादन क्षमता चार गुना बढ़ी, सौर ऊर्जा में सात गुना इजाफा; सरकार ने गिनाईं उपलब्धियां

झोटवाड़ा में बीजेपी का कमजोर प्रदर्शन, सांगानेर में RLP आगे

जयपुर के झोटवाड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में भी बीजेपी को बड़ा झटका लगा। यह क्षेत्र राज्य के उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का माना जाता है। यहां पंचायत समिति की कुल 15 सीटों में भारतीय जनता पार्टी को केवल एक सीट मिलने की जानकारी सामने आई है।

इसके उलट सांगानेर पंचायत समिति में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने शानदार प्रदर्शन किया। 15 सीटों में से 12 के नतीजे घोषित होने तक आरएलपी के आठ उम्मीदवार जीत चुके थे। बीजेपी और कांग्रेस को दो-दो सीटें मिली थीं। सांगानेर में आरएलपी की बढ़त ने राजस्थान पंचायत चुनाव के सियासी नतीजों को और दिलचस्प बना दिया है।

सीकर से लेकर जयपुर तक आए इन नतीजों ने स्थानीय राजनीति में कई नए समीकरण सामने रखे हैं। मंत्री परिवार की हार, कांग्रेस की मजबूती और सांगानेर में आरएलपी के प्रदर्शन ने पंचायत चुनाव को प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बना दिया है।