पीआरए-बर्बरीक ग्रुप के 18 बैंक लॉकर खुलवाए गए।
20 करोड़ के हीरे-जवाहरात मिलने की आई जानकारी।
14 करोड़ रुपये कैश मिलने की भी खबर।
225 करोड़ के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच।
450 करोड़ के रेलवे स्टेशन ठेके और IPO पर भी नजर।
IT Raid Chhattisgarh Raipur : छत्तीसगढ़ के प्रमुख कारोबारी समूह पीआरए और बर्बरीक ग्रुप के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी में बड़ी बरामदगी की जानकारी सामने आई है। जांच के दौरान रायपुर के निजी बैंकों में मौजूद करीब 18 से 25 बैंक लॉकर खुलवाए गए।
इनमें से लगभग 20 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और हीरे-जवाहरात मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा अब तक करीब 14 करोड़ रुपये नकद मिलने की भी जानकारी है।
जानकारी के मुताबिक आयकर विभाग की यह कार्रवाई 18 नवंबर से शुरू हुई थी। छत्तीसगढ़ के 6 जिलों सहित कई राज्यों में पीआरए समूह और बर्बरीक कंस्ट्रक्शन से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली गई।
इस कार्रवाई में करीब 120 आयकर अधिकारियों की टीम शामिल बताई जा रही है। छत्तीसगढ़ के रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर, सूरजपुर और जांजगीर-चांपा के अलावा महाराष्ट्र के मुंबई और नागपुर, झारखंड के रांची और जमशेदपुर तथा ओडिशा में भी जांच की गई।
सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पीआरए समूह और बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के बीच करीब 225 करोड़ रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और कर संबंधी अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। हालांकि इन लेनदेन की वास्तविक प्रकृति और जिम्मेदारी तय करने के लिए आयकर विभाग की जांच जारी है।
आयकर अधिकारी बैंक लॉकरों से बरामद सोने-चांदी के आभूषणों और हीरे-जवाहरात के वास्तविक मालिकाना हक की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों की ओर से इनके खरीद संबंधी बिल, भुगतान के स्रोत और अन्य दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि बरामद संपत्ति का घोषित आय और कारोबारी लेनदेन से कितना संबंध है।
इस पूरी कार्रवाई में बर्बरीक समूह की प्रस्तावित IPO योजना और पीआरए समूह को मिले करीब 450 करोड़ रुपये के रायपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास ठेके से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। इसके अलावा तलाशी के दौरान जब्त किए गए लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों के डेटा की फोरेंसिक जांच की जा रही है।