Raipur Adani Plant News : रायपुर के खरोरा स्थित अडानी पॉवर प्लांट में रविवार रात भारी बवाल हुआ। संडे पार्टी के दौरान छत्तीसगढ़ी और बिहारी मजदूरों के बीच हिंसक झड़प हुई।
प्लांट के पास शराब बेचने पर रोक लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पथराव में खरोरा टीआई, एसआई, 3 गार्ड समेत दर्जनभर लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में किया और सुरक्षा बढ़ाई।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे खरोरा स्थित अडानी पॉवर प्लांट में रविवार की रात अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। संडे पार्टी के दौरान मजदूरों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते यह मामूली बहस हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ी और बिहारी मजदूरों के बीच भारी पथराव और मारपीट शुरू हो गई, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह प्लांट के आसपास शराब की बिक्री को माना जा रहा है। गांव के पास अवैध शराब बेचने से मना करने पर ग्रामीणों और फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड्स के बीच तीखी बहस हुई थी। यही बहस धीरे-धीरे उग्र रूप लेती चली गई और बाद में मजदूरों के समूहों में बटकर खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई।
घटना के दौरान उपद्रवियों ने वहां से गुजर रहे रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी पर हमला कर दिया और वाहन में जमकर तोड़फोड़ की। बलवे की सूचना मिलते ही खरोरा थाना प्रभारी यानी टीआई अपनी टीम के साथ बीच-बचाव करने पहुंचे। बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस हमले में खरोरा टीआई, सब इंस्पेक्टर यानी एसआई, तीन गार्ड और कई मजदूर घायल हो गए।
स्थिति बिगड़ती देख देर रात रायपुर से अतिरिक्त पुलिस बल को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभालते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा और स्थिति को काबू में लिया।
इलाके के डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मुताबिक, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सुबह तक हालात पूरी तरह सामान्य हो गए हैं और सभी मजदूर फैक्ट्री में काम पर लौट आए हैं।
तनाव को देखते हुए इलाके में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है। अडानी प्लांट के मुख्य गेट और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती जारी है।
प्लांट के भीतर आने-जाने वाले हर कर्मचारी और मजदूर की सख्त जांच की जा रही है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और उपद्रव करने वालों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।