विवादित वीडियो मामले में थाने पहुंचे अमित जोगी।
पुलिस के सामने वीडियो बनाने की बात स्वीकार की।
भाजपा नेता राजेश मूणत ने दर्ज कराई थी शिकायत।
सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया अमित जोगी का बयान।
वीडियो हटाने के बाद भी जारी है पुलिस जांच।
Chhattisgarh Raipur Viral Video Controversy : प्रधानमंत्री और चुनाव आयुक्त के किरदारों को लेकर बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो के मामले में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मंगलवार को अमित जोगी अपना बयान दर्ज कराने राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचे। यहां पुलिस अधिकारियों ने उनसे विवादित वीडियो बनाने, उसकी सामग्री और सोशल मीडिया पर साझा करने को लेकर पूछताछ की।
दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत सोशल मीडिया पर अमित जोगी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो से हुई थी। वीडियो में प्रधानमंत्री और चुनाव आयुक्त के किरदारों को लेकर की गई प्रस्तुति पर भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी। भाजपा नेताओं ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद भाजपा विधायक एवं वरिष्ठ नेता राजेश मूणत ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमित जोगी और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच के लिए पुलिस ने अमित जोगी को नोटिस जारी कर थाने में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए थे। हालांकि, इससे पहले नोटिस के जवाब में अमित जोगी ने गुजरात दौरे पर होने का हवाला देते हुए तत्काल थाने पहुंचने में असमर्थता जताई थी। मंगलवार को वह खुद सिविल लाइन थाने पहुंचे और पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया।
थाने में पूछताछ के दौरान अमित जोगी ने विवादित वीडियो को लेकर महत्वपूर्ण बात स्वीकार की। उन्होंने माना कि वीडियो उनके द्वारा ही बनाया गया था। उनका कहना था कि कुछ लोगों को वीडियो पसंद नहीं आया, जिसके बाद उन्होंने इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। हालांकि, सोशल मीडिया से वीडियो हटाने के बावजूद पुलिस की जांच जारी है।
अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि विवादित वीडियो किस उद्देश्य से तैयार किया गया था और इसे बनाने तथा प्रसारित करने में किन लोगों की भूमिका रही। इसके अलावा शिकायत में लगाए गए आरोपों और अमित जोगी के बयान का भी मिलान किया जा रहा है।