

नशे के मकड़ जाल में फसता जा रहा है भाटापारा।
नशा मुक्ति का अभियान मात्र ढकोसला।
बच्चों को आसानी से मिल जाता है सुलेशन ट्यूब।
नशा मुक्ति एवं जन जागरण के तमाम दावों की खुली पोल।
Chhattisgarh Drug Abuse Among School Children: प्रशासन के नशा मुक्ति एवं जन जागरण के तमाम दावों के बावजूद कुछ गैर जिम्मेदार दुकानदार नाबालिग बच्चों को सुलेशन की ट्यूब आसानी से उपलब्ध करा रहे है। जिसका उपयोग बच्चे नशे के रूप में कर रहे है। आलम यह है कि भाटापारा में बच्चों का बचपन सुलेशन के नशे में डूबर रहा है।
नगर के गली मोहल्ले के अलावा बस्तियों में बच्चों को समूह में बैठकर सुलेशन सूंघते हुए देखा जा सकता है। इसके बावजूद जिम्मेदार संस्थाएं कोई सार्थक पहल करते हुए दिखाई नहीं देती है। बता दें कि बाइक व साइकिल के टायर के पंचर को बनाने के लिए एक जेल नुमा पदार्थ का उपयोग किया जाता है जिसे बोलचाल भाषा में सुलेशन कहते हैं उसी का उपयोग बच्चे नशे के रूप में भी करते है।
छोटे बच्चे आसानी से ट्यूब खरीद लेते हैं और उसका नशे के रूप में उपयोग करते हैं। शहर के ऐसे अनेक हिस्से हैं जहां पर आसानी से इन्हें नशा करते देखा जा सकता है विशेष कर गौरव पथ लिंक रोड महारानी चौक से लेकर नाका नंबर 1 तक के ओवर ब्रिज के नीचे, बस स्टैंड के आसपास रेलवे स्टेशन के आसपास श्रमिक बस्तियों में ज्यादातर बच्चे नशे में दिखाई देते हैं। हालत लगातार खराब हो रहे हैं।
इसमें कार्यवाही के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता लाना भी जरूरी है यदि हम नशे को रोकने में कामयाब हो जाते हैं तो इससे कई प्रकार के अपराधों में भी कमी आएगी । आए दिन चोरी लूटपाट की जो घटना होती है उसमें भी कमी दिखाई देगी। नशा नाश की जड़ है यदि हम बच्चों को नशा करने से रोकने में सफल होते हैं तो निश्चित मानिए कि समाज को एक नई दिशा की ओर ले जाने का एक अच्छा कार्य करते हैं।
बाजार में उपलब्ध ट्यूब के ऊपर स्पष्ट तौर पर लिखा होता है की ट्यूब में उपलब्ध जेल त्वचा के संपर्क के अलावा स्वास्थ्य के माध्यम से इसकी गंध शरीर के अंदर जाना अत्यंत हानिकारक होता है फिर भी दुकानदार इसे बेधड़क बिना हिचक के किसी को भी बेच देते हैं। यहां तक की ऐसा बताया गया है कि यदि कोई बच्चा इसे खा लेता है तो उसे तत्काल अस्पताल की जरूरत पड़ती है।
नशा मुक्ति अभियान के दौरान ऐसा लगता है कि एक ही दिन में सब काम निपट जाएगा अभियान एक दिन चला कर बंद हो जाता है इसे लगातार चलाए जाने की जरूरत है और समाज में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे संस्थाओं को भी इससे जोड़ करके कार्य करने की जरूरत दिखाई पड़ती है। नगर के बुद्धिजीवी नागरिकों ने प्रशासन से यह मांग की है कि इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करें और अभियान को निरंतर चलाएं।
नगर में कुल 31 वार्ड हैं जिनमें से कई वार्डों में सुखा नशा आसानी से उपलब्ध हो जा रहा है। कई ऐसे चिन्हित स्थान है जहां पर सुलोशन बिक रहा है छोटे-छोटे बच्चे इसे खरीद करके नशा करके फिर लूटपाट की घटना को अंजाम देते हैं और लोगों से गाली गलौज करने में भी पीछे नहीं रहते हैं क्योंकि उनको बात का एहसास ही नहीं रहता है कि उनका नशा चढ़ा हुआ है इस मामले में वृहद अभियान चलाए जाने की जरूरत है जिला प्रशासन इस मामले को यदि गंभीरता से लेकर के लगातार अभियान चलता है तो सफलता मिलना निश्चित है।