बदमाशों ने अंग्रेजी शराब दुकान को बनाया निशाना।
नकदी के साथ महंगी विदेशी शराब की बोतलें की चोरी।
सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए चोर।
दुकान का लॉकर तोड़ने में चोरों के छुटे पसीने।
Raigarh English Liquor Shop Theft: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में चोरों ने एक अंग्रेजी शराब दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोर दुकान की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए और गल्ले में रखी नकदी के साथ महंगी विदेशी शराब की बोतलें चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि चोरी से जुड़े फुटेज पुलिस के हाथ न लग सकें।
मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के विनोबा नगर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान का है। जानकारी के मुताबिक, दुकान के सुपरवाइजर विनोद प्रजापति (32) ने पुलिस को बताया कि रोजाना की तरह रात करीब 10 बजे बिक्री का हिसाब-किताब पूरा करने के बाद सभी कर्मचारी दुकान बंद कर घर चले गए थे। दुकान और गोदाम के शटर पर ताला लगाया गया था।
अगली सुबह करीब 9:30 बजे जब सुपरवाइजर दुकान पहुंचा और ताला खोलकर अंदर गया, तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था और शराब की पेटियां अस्त-व्यस्त पड़ी थीं।
जांच में पता चला कि चोर दुकान की छत पर जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे। आरोपियों ने गोदाम में रखे मुख्य लॉकर तक पहुंचने के लिए दीवार तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन लॉकर तोड़ने में कामयाब नहीं हो सके।
चोरों ने काउंटर के गल्ले में रखे करीब 15 हजार रुपये नकद पार कर दिए। इसके अलावा 100 पाइपर की दो बोतल और वैलेंटाइन की एक बोतल भी चोरी कर ली। नकदी और शराब सहित कुल करीब 26 हजार रुपये की चोरी का अनुमान लगाया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए। इससे पुलिस के सामने जांच की चुनौती बढ़ गई है।
घटना की शिकायत पर चक्रधर नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।